मोलबायो डायग्नॉस्टिक्स के आईपीओ को मिला 70.26 गुना अभिदान
मोलबायो डायग्नॉस्टिक्स के आईपीओ को मिला 70.26 गुना अभिदान
नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) मोलबायो डायग्नॉस्टिक्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के अंतिम दिन बुधवार को 70.26 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, मोलबायो डायग्नॉस्टिक के 940 करोड़ रुपये के आईपीओ में 81,58,529 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 57,32,14,536 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।
पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के लिए आरक्षित हिस्से को 186.39 गुना अभिदान मिला। गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में 49.80 गुना और खुदरा निवेशकों की श्रेणी को 12.96 गुना अभिदान मिला।
टेमासेक और मोतीलाल ओसवाल प्राइवेट इक्विटी समर्थित मोलबायो डायग्नॉस्टिक्स ने एंकर निवेशकों से 281.5 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 768-807 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
गोवा स्थित कंपनी के आईपीओ में 200 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे और मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 91.66 लाख तक इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाई जाएगी।
कंपनी नए शेयरों से मिलने वाली राशि में से 106 करोड़ रुपये शोध एवं विकास (आरएंडडी) केंद्र, उत्कृष्टता केंद्र और उससे जुड़े कार्यालय के लिए बुनियादी ढांचा तैयार करने पर खर्च करेगी।
मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर मोलबायो डायग्नॉस्टिक्स का आईपीओ के बाद बाजार पूंजीकरण करीब 9,300 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।
मोलबायो डायग्नोस्टिक्स की स्थापना वर्ष 2000 में हुई और यह मरीजों के इलाज स्थल पर ही जांच सुविधाएं देने वाली कंपनी है।
कंपनी के शेयर 17 अगस्त को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होने प्रस्तावित हैं।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


