बिलासपुर, 25 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के पांच प्रमुख जलाशयों में प्रतिबंध हटने के एक सप्ताह के भीतर करीब 110 टन मछली पकड़ी गई, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 47 प्रतिशत अधिक है।
मत्स्य पालन विभाग के निदेशक ओम कांत ठाकुर ने कहा कि पिछले वर्ष इसी अवधि के दौरान लगभग 75 टन मछली पकड़ी गई थी।
ठाकुर ने बताया कि प्रतिबंध हटने के पहले ही दिन करीब 46 टन मछली पकड़ी गई।
जलाशयों के 23 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार, पोंग बांध में करीब 51 टन और गोविंद सागर झील में 50 टन से अधिक मछली पकड़ी गई। रंजीत सागर में करीब 7.5 टन तथा चमेरा एवं कोल बांध में कुल मिलाकर करीब एक मीट्रिक टन मछली पकड़ी गई।
अधिकारी ने बताया कि इस साल जलाशयों में जलस्तर में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। अनुकूल जलस्तर ने मछलियों के लिए बेहतर परिस्थितियां तैयार कीं, जिससे जलाशयों में मछलियों की संख्या और उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिली।
भाषा अजय निहारिका
निहारिका