प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत 1.64 करोड़ से अधिक युवा प्रशिक्षित
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत 1.64 करोड़ से अधिक युवा प्रशिक्षित
नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) केंद्र की प्रमुख कौशल विकास योजना… प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) के तहत 1.64 करोड़ से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
नरेन्द्र मोदी देश में सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। इस मौके पर मंत्रालय ने अपनी उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि देश ने ‘‘कौशल, विस्तार और परिवर्तन’’ के 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं।
मंत्रालय ने कहा कि निरंतर सुधारों, संस्थागत सुदृढ़ीकरण और उद्योग, शिक्षा जगत तथा राज्य सरकारों के साथ गहन सहयोग के माध्यम से कौशल भारत दुनिया के सबसे बड़े और सबसे विविध कौशल विकास परिवेश में से एक के रूप में विकसित हुआ है।
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने कहा, ‘‘पिछले 12 साल की यात्रा इस बात को दर्शाती है कि भारत इस बात को अधिक से अधिक मान्यता दे रहा है कि कौशल अवसर, उत्पादकता और आर्थिक परिवर्तन के सबसे शक्तिशाली कारकों में से एक हैं। मंत्रालय ने एक ऐसा परिवेश बनाने के लिए काम किया है जहां कौशल को औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ सीखने, रोजगार और आजीवन विकास का अभिन्न अंग माना जाता है।’’
मंत्रालय ने कहा कि भारत के व्यावसायिक प्रशिक्षण अवसंरचना में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों की संख्या 2014 में 9,776 थी, जो आज बढ़कर 13,888 से अधिक हो गई है।
भाषा यासिर रमण
रमण

Facebook


