बीते सप्ताह मांग प्रभावित रहने से सोयाबीन, पाम-पामोलीन सहित अधिकांश तेल-तिलहन कीमतों में गिरावट

बीते सप्ताह मांग प्रभावित रहने से सोयाबीन, पाम-पामोलीन सहित अधिकांश तेल-तिलहन कीमतों में गिरावट

बीते सप्ताह मांग प्रभावित रहने से सोयाबीन, पाम-पामोलीन सहित अधिकांश तेल-तिलहन कीमतों में गिरावट
Modified Date: June 14, 2026 / 09:30 am IST
Published Date: June 14, 2026 9:30 am IST

नयी दिल्ली, 14 जून (भाषा) अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध टलने की संभावनाओं के कारण स्थानीय बाजार की मांग प्रभावित रहने से बीते सप्ताह तेल-तिलहन बाजारों में सोयाबीन तेल, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तथा गर्मी की फसल की आवक के कारण मूंगफली तेल-तिलहन के दाम में गिरावट देखी गई। वहीं कम आवक के बीच सुस्त मांग के कारण सरसों तेल-तिलहन तथा नगण्य उपलब्धता के बीच बिनौला तेल के दाम में मामूली सुधार आया।

सोयाबीन के तेल रहित खल या डीओसी की मांग सामान्य रहने के बीच सोयाबीन तिलहन के दाम स्थिर बने रहे।

बाजार के जानकार सूत्रों ने कहा कि मूंगफली की गर्मी की फसल की आवक के कारण इसकी कीमतों पर भारी दबाव है। बाजार की मांग भी प्रभावित है। ऐसे में मूंगफली तेल-तिलहन के दाम गिरावट के साथ बंद हुए। कमजोर मांग के बीच लागत से नीचे दाम पर आयातकों की बिकवाली के कारण गत सप्ताहांत सोयाबीन तेल तथा पाम-पामोलीन तेल के दाम भी गिरावट के साथ बंद हुए। सोयाबीन के डी-आयल्ड केक (डीओसी) या तेल-रहित खल की सामान्य मांग के बीच सोयाबीन तिलहन के दाम स्थिर बने रहे।

सूत्रों ने कहा कि सरसों की आवक काफी कमजोर है। दूसरी ओर बाजार में मांग कमजोर बनी हुई है। विदेशों में उथल-पुथल का असर स्थानीय कारोबार पर भी देखने को मिल रहा है। आवक कमजोर रहने के बीच सरसों तेल-तिलहन के दाम में मामूली सुधार देखा गया।

सूत्रों ने बताया कि बीते सप्ताह सरसों दाना 25 रुपये के सुधार के साथ 7,675-7,700 रुपये प्रति क्विंटल, सरसों तेल 100 रुपये के सुधार के साथ 15,650 रुपये प्रति क्विंटल, सरसों पक्की और कच्ची घानी तेल क्रमश: 5-5 रुपये के सुधार के साथ क्रमश: 2,585-2,685 रुपये और 2,585-2,730 रुपये टिन (15 किलो) पर मजबूत बंद हुआ।

समीक्षाधीन सप्ताह में सोयाबीन दाना और सोयाबीन लूज का थोक भाव क्रमश: 6,975-7,025 रुपये और 6,825-6,900 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर रुख के साथ बंद हुए।

दूसरी ओर, दिल्ली में सोयाबीन तेल 100 रुपये की गिरावट के साथ 15,600 रुपये प्रति क्विंटल, सोयाबीन इंदौर तेल 100 रुपये की गिरावट के साथ 15,550 रुपये और सोयाबीन डीगम तेल 50 रुपये की गिरावट के साथ 12,000 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।

गर्मी की फसल आने के बीच बीते सप्ताह मूंगफली तिलहन का दाम 25 रुपये की गिरावट के साथ 6,575-7,150 रुपये क्विंटल, मूंगफली तेल गुजरात 220 रुपये की गिरावट के साथ 15,480 रुपये क्विंटल और मूंगफली साल्वेंट रिफाइंड तेल 30 रुपये की गिरावट के साथ 2,460-2,760 रुपये प्रति टिन पर बंद हुआ।

समीक्षाधीन सप्ताह में सीपीओ तेल का दाम 125 रुपये की गिरावट के साथ 13,675 रुपये प्रति क्विंटल, पामोलीन दिल्ली का भाव 50 रुपये की गिरावट के साथ 15,550 रुपये प्रति क्विंटल तथा पामोलीन एक्स कांडला तेल का भाव भी 50 रुपये की गिरावट के साथ 14,350 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।

कम उपलब्धता के बीच मांग बढ़ने से बिनौला तेल का दाम 50 रुपये के मामूली सुधार के साथ 16,000 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।

भाषा राजेश

अजय

अजय


लेखक के बारे में