नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) देश की प्रमुख दूध आपूर्तिकर्ता कंपनियों में से एक मदर डेयरी को इस वित्त वर्ष में अपने कारोबार में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की उम्मीद है। बढ़ती उपभोक्ता मांग के चलते कंपनी का कारोबार 24,000 करोड़ रुपये से ज्यादा होने का अनुमान है। साथ ही, कंपनी नए बाजारों में भी कदम रखने की योजना बना रही है।
राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी मदर डेयरी ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 20,300 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 17 प्रतिशत ज्यादा है।
कंपनी ‘मदर डेयरी’ ब्रांड के तहत दूध और दुग्ध उत्पाद बेचती है। यह हर दिन 55 लाख लीटर ताजा दूध की आपूर्ति करती है, जिसमें से 35 लाख लीटर दूध दिल्ली-एनसीआर में आपूर्ति किया जाता है।
यह ‘धारा’ ब्रांड के तहत खाद्य तेल का विपणन करती है। ताजे फल और सब्जियां, फ्रोजन सब्जियां, स्नैक्स, पल्प और कॉन्संट्रेट ‘सफल’ ब्रांड के तहत बेचे जाते हैं।
एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान पीटीआई-भाषा से बात करते हुए, मदर डेयरी के चेयरमैन मीनेश शाह ने कहा, ‘‘हम इस धारणा को बदलना चाहते हैं कि मदर डेयरी सिर्फ दिल्ली-एनसीआर तक ही सीमित है। महाराष्ट्र और बिहार सहित कई राज्यों में हमारी मौजूदगी है। हम उन नए बाजारों में कदम रखने की संभावना तलाश रहे हैं, जहां अभी हमारी मौजूदगी नहीं है।’’
उन्होंने बताया कि कंपनी महाराष्ट्र में अपना खुद का डेयरी संयंत्र लगा रही है और हैदराबाद में भी एक संयंत्र पट्टे पर लिया है। इसके अलावा, कंपनी बिहार में भी अपना दूसरा संयंत्र स्थापित कर रही है।
जब उनसे मौजूदा वित्त वर्ष के लिए कंपनी के दृष्टिकोण के बारे में पूछा गया, तो मदर डेयरी के प्रबंध निदेशक जयतीर्थ चारी ने बताया कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अपने राजस्व में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी का लक्ष्य रखा है, जिससे यह 24,000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो जाएगा।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय