वेदांता एल्युमिनियम पार्क में विनिर्माण संयंत्र लगाने के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर
वेदांता एल्युमिनियम पार्क में विनिर्माण संयंत्र लगाने के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर
भुवनेश्वर, 10 अप्रैल (भाषा) वेदांता एल्युमिनियम ने ओडिशा के झारसुगुडा में प्रस्तावित वेदांता एल्युमिनियम पार्क में अपनी विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने के लिए शुक्रवार को दो कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
एमओयू पर सिंघल स्टील एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड और एससीओटी-एएल मेटकॉन प्राइवेट लिमिटेड ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर ओडिशा के उद्योग मंत्री संपद चंद्र स्वैन और अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) हेमंत शर्मा मौजूद थे।
वेदांता एल्युमिनियम ने एक बयान में कहा कि झारसुगुडा में वेदांता एल्युमिनियम पार्क की स्थापना का मकसद मूल्यवर्धन को बढ़ावा देना और एमएसएमई की वृद्धि को समर्थन देने के साथ ओडिशा की वैश्विक एल्युमिनियम केन्द्र के तौर पर उपस्थिति को मजबूत करना है।
इस पहल से 500 करोड़ रुपये से अधिक के नए निवेश आने और लगभग 1,500 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोज़गार के मौके बनने की उम्मीद है।
इस अवसर पर स्वैन ने कहा, ‘‘यह पहल ओडिशा की एक अग्रणी औद्योगिक गंतव्य के तौर पर उपस्थिति को मजबूत करती है। वेदांता एल्युमीनियम पार्क निवेश में तेज़ी लाएगा, बड़े पैमाने पर रोज़गार पैदा करेगा और सभी क्षेत्रों में राज्य की विनिर्माण क्षमता को मज़बूत करेगा।’’
वेदांता एल्युमीनियम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजीव कुमार ने कहा कि प्रस्तावित पार्क कंपनी के प्राथमिक उत्पादन से आगे बढ़कर मूल्यवर्धित विनिर्माण की ओर बढ़ने के प्रतिबद्धता को दिखाता है।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम

Facebook


