एमआरएफ का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ 38 प्रतिशत बढ़कर 702 करोड़ रुपये
एमआरएफ का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ 38 प्रतिशत बढ़कर 702 करोड़ रुपये
नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) टायर विनिर्माता कंपनी एमआरएफ लिमिटेड का गत वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 38 प्रतिशत बढ़कर 702.25 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी का 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में मुनाफा 510.5 करोड़ रुपये था।
एमआरएफ ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में परिचालन आय 8,044.22 करोड़ रुपये रही जबकि एक वर्ष पहले की समान अवधि में यह 7,074.82 करोड़ रुपये था।
उक्त तिमाही में कुल खर्च बढ़कर 7,267.51 करोड़ रुपये हो गया जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 6,531.04 करोड़ रुपये था।
एमआरएफ ने कहा कि उसके निदेशक मंडल ने 10 रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर 229 रुपये के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है। यह आगामी वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगा।
समूचे 2025-26 वित्त वर्ष में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 1,873.29 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,426.1 करोड़ रुपये हो गया। राजस्व 28,153 करोड़ रुपये से बढ़कर 31,149.01 करोड़ रुपये रहा।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


