रबी सत्र 2027-28 के लिए गेहूं का एमएसपी 25 रुपये बढ़ाकर 2,610 रुपये प्रति क्विंटल करने का फैसला

Ads

रबी सत्र 2027-28 के लिए गेहूं का एमएसपी 25 रुपये बढ़ाकर 2,610 रुपये प्रति क्विंटल करने का फैसला

  •  
  • Publish Date - September 30, 2026 / 03:43 PM IST,
    Updated On - September 30, 2026 / 03:43 PM IST

नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को रबी विपणन सत्र 2027-28 के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 25 रुपये बढ़ाकर 2,610 रुपये प्रति क्विंटल करने को मंजूरी दी।

गेहूं का एमएसपी रबी विपणन सत्र 2026-27 में 2,585 रुपये प्रति क्विंटल रखा गया था।

सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गेहूं की उत्पादन लागत 1,264 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि नए सत्र के लिए एमएसपी 2,610 रुपये रखा गया है।

सरकार ने 2027-28 सत्र के लिए गेहूं के अलावा पांच अन्य रबी फसलों के लिए भी एमएसपी बढ़ाने का फैसला किया है। जौ का एमएसपी 136 रुपये बढ़ाकर 2,286 रुपये, चने का 83 रुपये बढ़ाकर 5,958 रुपये और मसूर का 390 रुपये बढ़ाकर 7,390 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है।

इसी तरह, रैपसीड-सरसों का एमएसपी 413 रुपये बढ़ाकर 6,613 रुपये और कुसुम का 675 रुपये बढ़ाकर 7,215 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है।

वैष्णव ने कहा कि 2027-28 के रबी विपणन सत्र में 324 लाख टन फसल की अनुमानित खरीद पर किसानों को कुल 90,962 करोड़ रुपये का भुगतान किए जाने का अनुमान है।

एमएसपी तय करने में कृषि लागत एवं मूल्य आयोग (सीएसीपी) की सिफारिशों को आधार बनाया गया है। इसमें उत्पादन लागत के अलावा अल-नीनो की आशंका तथा घरेलू एवं वैश्विक कीमतों के रुझान को भी ध्यान में रखा गया है।

सरकार ने 2026-27 फसल वर्ष (जुलाई-जून) में गेहूं का उत्पादन लक्ष्य 12.1 करोड़ टन रखा है। प्रमुख रबी फसल गेहूं की बुवाई आम तौर पर अक्टूबर से शुरू होती है और कटाई अप्रैल से शुरू होती है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय