एचडीएफसी कैपिटल, शालीमार कॉर्प ने रियल एस्टेट परियोजनाओं के लिए 750 करोड़ रुपये का मंच बनाया

Ads

एचडीएफसी कैपिटल, शालीमार कॉर्प ने रियल एस्टेट परियोजनाओं के लिए 750 करोड़ रुपये का मंच बनाया

  •  
  • Publish Date - September 30, 2026 / 03:09 PM IST,
    Updated On - September 30, 2026 / 03:09 PM IST

नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) एचडीएफसी समूह की रियल एस्टेट निजी इक्विटी इकाई एचडीएफसी कैपिटल एडवाइजर्स लि. ने रियल एस्टेट समेत विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली शालीमार कॉर्प के साथ 750 करोड़ रुपये का एक मंच बनाया है। यह साझेदारी उत्तर प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी और कानपुर में आवासीय तथा मिश्रित उपयोग वाली परियोजनाओं के लिए की गयी है।

शॉलीमार कॉर्प ने बुधवार को बयान में कहा कि इस मंच के जरिये 50 लाख वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र में करीब 3,000 मकान विकसित किए जाएंगे।

एचडीएफसी कैपिटल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विपुल रूंगटा ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के उभरते शहरों में आने वाले समय में घरों की मांग बढ़ने की पूरी संभावना है। लोगों की बढ़ती आय, शहरों का विस्तार और बेहतर होती सड़क और परिवहन जैसी सुविधाएं इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘शालीमार के साथ हमारी साझेदारी में स्थानीय अनुभव और बड़े स्तर पर निवेश का लाभ मिलेगा। इससे इन शहरों में अच्छे घर बनाने और उसे लोगों को उपलब्ध कराने में तेजी लायी जा सकेगी।’’

शालीमार कॉर्प के प्रबंध निदेशक खालिद मसूद ने कहा, ‘‘ एचडीएफसी कैपिटल के साथ साझेदारी उत्तर प्रदेश में बेहतर योजना के साथ आधुनिक और सुविधाजनक रिहायशी इलाके विकसित करने के हमारे लक्ष्य की दिशा में एक बड़ा कदम है।’’

एचडीएफसी बैंक लि. की अनुषंगी एचडीएफसी कैपिटल मुख्य रूप से किफायती और मध्यम आय वर्ग के लिए घरों के निर्माण के लिए वित्त उपलब्ध कराती है।

वर्ष 1988 में स्थापित शालीमार ग्रुप लखनऊ की कंपनी है। समूह रियल एस्टेट और बुनियादी ढांचा विकास, संपत्ति प्रबंधन तथा ग्लास प्रसंस्करण सहित विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करता है।

भाषा रमण अजय

अजय