नेफेड के 10 जुलाई से बिकवाली करने की खबर से सरसों तेल-तिलहन में गिरावट

नेफेड के 10 जुलाई से बिकवाली करने की खबर से सरसों तेल-तिलहन में गिरावट

नेफेड के 10 जुलाई से बिकवाली करने की खबर से सरसों तेल-तिलहन में गिरावट
Modified Date: July 2, 2026 / 09:55 pm IST
Published Date: July 2, 2026 9:55 pm IST

नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) सहकारी संस्था नेफेड द्वारा आगामी 10 जुलाई से सरसों के पुराने स्टॉक की बिकवाली करने की खबर से कारोबारी धारणा प्रभावित होने के कारण देश के तेल-तिलहन बाजारों में बृहस्पतिवार को सरसों तेल-तिलहन के दाम में गिरावट आई। मांग बढ़ने से मूंगफली एवं सोयाबीन तेल-तिलहन, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तेल के दाम में सुधार आया। दूसरी ओर नगण्य उपलब्धता के बीच बिनौला तेल के दाम स्थिर बने रहे।

मलेशिया एक्सचेंज गिरावट के साथ बंद हुआ। जबकि शिकॉगो एक्सचेंज में घट-बढ़ जारी है जबकि कल रात यहां सुधार रहा था।

बाजार सूत्रों ने कहा कि ऐसी खबर है कि सहकारी संस्था नेफेड सरसों के पुराने स्टॉक की आगामी 10 जुलाई से बिक्री करेगा। इसके लिए नेफेड निविदा मंगायेगा। इस खबर के बाद कारोबारी धारणा प्रभावित हुई और उन सट्टेबाजों के लिए परेशानी पैदा हो गई जो मनमाने ढंग से सरसों की आवक के बारे में अफवाहें फैलाकर सरसों का दाम बढाने की कोशिश करते थे। इस खबर के कारण सरसों तेल-तिलहन के दाम में गिरावट आई।

उन्होंने कहा कि दूसरी ओर, मूंगफली का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से नीचे दाम होने के कारण मूंगफली तेल की मांग बढ़ रही है। इसके अलावा नीचे दाम पर किसान बिक्री से बच रहे हैं और कम आवक बाजार में ला रहे हैं। इन वजहों से मूंगफली तेल-तिलहन के दाम में सुधार आया।

सूत्रों ने कहा कि नेफेड ने महाराष्ट्र में सोयाबीन की बिक्री के लिए जो निविदा मंगाई थी, उसमें नीची बोली वाली सभी निविदाओं को उसने निरस्त कर दिया। इसके अलावा किसान भी नीचे भाव में सोयाबीन बेचने से कतरा रहे हैं। कम आवक के बीच मांग बढने से सोयाबीन तेल-तिलहन में भी सुधार आया।

उन्होंने कहा कि पहले पाम-पामोलीन लागत से अधिक नीचे दाम पर बेचे जा रहे थे और आज उसमें कुछ सुधार जरूर आया है। मगर अब भी पाम-पामोलीन तेल और सोयाबीन तेल लागत से नीचे दाम पर ही बेचा जा रहा है।

तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:

सरसों तिलहन – 7,525-7,550 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली – 6,625-7,200 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 15,400 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,460-2,760 रुपये प्रति टिन।

सरसों तेल दादरी- 15,525 रुपये प्रति क्विंटल।

सरसों पक्की घानी- 2,565-2,665 रुपये प्रति टिन।

सरसों कच्ची घानी- 2,565-2,710 रुपये प्रति टिन।

सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 15,325 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,225 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 11,875 रुपये प्रति क्विंटल।

सीपीओ एक्स-कांडला- 13,375 रुपये प्रति क्विंटल।

बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 15,750 रुपये प्रति क्विंटल।

पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,325 रुपये प्रति क्विंटल।

पामोलिन एक्स- कांडला- 14,100 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।

सोयाबीन दाना – 6,975-7,025 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन लूज- 6,825-6,900 रुपये प्रति क्विंटल।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में