एनबीसीसी ने देशभर में एनएचपीसी की अवसंरचना परियोजनाएं तैयार करने के लिए किया समझौता
एनबीसीसी ने देशभर में एनएचपीसी की अवसंरचना परियोजनाएं तैयार करने के लिए किया समझौता
नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एनबीसीसी ने देशभर में एनएचपीसी की अवसंरचना परियोजनाओं को तैयार करने के लिए उसके साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
एनबीसीसी ने शुक्रवार को बयान में कहा कि उसने एनएचपीसी के साथ यह समझौता उसकी अवसंरचना परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए किया है। इन परियोजनाओं में मुख्य रूप से भवन, ढांचे और उनसे जुड़े अन्य कार्य शामिल होंगे।
एमओयू के तहत एनबीसीसी परियोजना प्रबंधन परामर्श (पीएमसी) सेवाएं उपलब्ध कराएगी और जमा कार्य के आधार पर एनएचपीसी की चुनिंदा अवसंरचना परियोजनाओं को भी पूरा करेगी।
परियोजनाओं के दायरे में डिजाइन, इंजीनियरिंग, परियोजना प्रबंधन, खरीद, निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, स्थापना और वैधानिक अनुपालनों के साथ तैयार परियोजनाओं को सौंपना शामिल है।
बयान में कहा गया, ‘‘एनएचपीसी जलविद्युत और स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में अपने व्यापक अनुभव का योगदान करेगी, जबकि एनबीसीसी सरकारी दिशानिर्देशों के अनुरूप विभिन्न अवसंरचना परियोजनाओं की योजना बनाने और उन्हें पूरा करने में अपनी स्थापित विशेषज्ञता का इस्तेमाल करेगी।’’
एनबीसीसी परियोजना प्रबंधन परामर्श और रियल एस्टेट कारोबार करती है।
भाषा यासिर रमण
रमण

Facebook


