एनएचएआई सराय काले खां लूप पर यातायात को सुगम बनाने के लिए बना रहा डीपीआर
एनएचएआई सराय काले खां लूप पर यातायात को सुगम बनाने के लिए बना रहा डीपीआर
नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने दिल्ली-एनसीआर में यातायात को सुगम बनाने के लिए सराय काले खां लूप पर यातायात जाम की समस्या के समाधान की दिशा में कदम उठाया है। इसके तहत वह राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 148एनए के डीएनडी-सोहना खंड पर स्थित सराय काले खां लूप के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर रहा है।
एनएचएआई ने मंगलवार को बयान में कहा कि इस डीपीआर में क्षेत्र में दीर्घकालिक यातायात प्रबंधन और इंजीनियरिंग समाधान का अध्ययन किया जाएगा। यह दिल्ली के सबसे व्यस्त परिवहन केंद्रों में से एक है और यहां प्रस्तावित उपाय क्षेत्र में जारी बुनियादी ढांचा विकास कार्यों के पूरक होंगे।
सराय काले खां लूप आश्रम, नोएडा और सराय काले खां से आने वाले यातायात के लिए एक महत्वपूर्ण जंक्शन के रूप में कार्य करता है।
एनएचएआई ने कहा कि डीएनडी-सोहना राष्ट्रीय राजमार्ग गलियारे के जल्द शुरू होने के बाद इस स्थान पर यातायात में काफी वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में सुचारु और प्रभावी यातायात संचालन सुनिश्चित करने के लिए समय पर हस्तक्षेप आवश्यक है।
डीपीआर में सड़क क्षमता बढ़ाने, यात्रा समय कम करने, सुरक्षा बेहतर बनाने और वाहनों की आवाजाही को अधिक सुगम बनाने के लिए उपयुक्त बुनियादी ढांचा समाधानों का मूल्यांकन किया जाएगा।
एनएचएआई ने कहा कि यह पहल डीएनडी-सोहना गलियारे के शुरू होने के बाद मिलने वाले लाभ को पूरी तरह हासिल करने में मदद करेगी और इस महत्वपूर्ण इंटरचेंज पर निर्बाध संपर्क सुविधा सुनिश्चित करेगी।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


