एनएलसी इंडिया ने तेलंगाना में हासिल किया एक महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक

एनएलसी इंडिया ने तेलंगाना में हासिल किया एक महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक

एनएलसी इंडिया ने तेलंगाना में हासिल किया एक महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक
Modified Date: June 12, 2026 / 04:48 pm IST
Published Date: June 12, 2026 4:48 pm IST

नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एनएलसी इंडिया लिमिटेड ने तेलंगाना में एक महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक हासिल किया है। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया, ‘‘खान मंत्रालय की ओर से एनएलसी इंडिया को महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज ब्लॉक की नीलामी के लिए तरजीही बोलीदाता कंपनी घोषित किया गया है।’’

एनएलसी इंडिया ने बताया कि मंत्रालय की ओर से 11 जून को आयोजित खनिज ब्लॉक की नीलामी के बाद उसे तेलंगाना के संगारेड्डी में पर्वथापुर वैनेडियम, टाइटेनियम और एल्युमिनस लैटेराइट ब्लॉक के लिए तरजीही बोलीदाता घोषित किया गया है।

कंपनी का मुख्य कारोबार कोयला और लिग्नाइट खनन के साथ-साथ विद्युत उत्पादन से जुड़ा है।

एनएलसी इंडिया लिमिटेड (एनएलसीआईएल) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों के शोधन तथा उन्हें निकालने की प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग के लिए सीएसआईआर- केंद्रीय विद्युतरसायन अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-सीईसीआरआई), कराईकुडी के साथ एक समझौता किया है।

समझौता ज्ञापन के तहत, एनएलसीआईएल की नेवेली खदानों से निकलने वाले ऊपरी खुदाई सामग्री और अवशिष्ट खनन सामग्री का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा।

दोनों पक्ष एनएलसी इंडिया की अन्य खनन एवं अन्वेषण परियोजनाओं में भी ऐसी संभावनाओं की तलाश करेंगे। इसका लक्ष्य द्वितीयक स्रोतों से संसाधनों की पुनर्प्राप्ति के लिए टिकाऊ और आर्थिक रूप से व्यवहारिक प्रौद्योगिकियों का विकास करना है।

भाषा यासिर रमण

रमण


लेखक के बारे में