अमेरिका से एथनॉल आयात करने के लिए कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई गई : सरकार
अमेरिका से एथनॉल आयात करने के लिए कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई गई : सरकार
नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की बातचीत में ईंधन में मिलाने के लिए अमेरिका से एथनॉल आयात करने को लेकर कोई छूट या वादा नहीं किया गया है।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बयान में कहा कि भारत का ईंधन सम्मिश्रण कार्यक्रम और एथनॉल की खरीद पूरी तरह से देश की घरेलू नीति की जरूरतों के आधार पर होती है।
मंत्रालय ने कहा कि मीडिया में हाल ही में किए गए ये दावे कि भारत अमेरिका से बड़ी मात्रा में एथनॉल आयात कर रहा है या करने का इरादा रखता है, बेबुनियाद और तथ्यों के हिसाब से गलत हैं।
इसने कहा कि घरेलू नीतिगत ढांचे के अनुसार, ‘पेट्रोल के साथ एथनॉल मिलाने के कार्यक्रम’ के तहत इस्तेमाल होने वाला एथनॉल पूरी तरह से घरेलू उत्पादकों से ही लिया जाता है।
मंत्रालय ने आगे कहा कि अमेरिका से एथनॉल का कोई आयात नहीं किया जाता है।
बयान में कहा गया, ‘‘भारत-अमेरिका व्यापार बातचीत में एथनॉल आयात करने को लेकर कोई छूट या वादा नहीं किया गया है।’’
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


