देश में ऊर्जा की कमी नहीं, एलपीजी-तेल आपूर्ति की स्थिति ‘संतोषजनक’ : पुरी

देश में ऊर्जा की कमी नहीं, एलपीजी-तेल आपूर्ति की स्थिति 'संतोषजनक' : पुरी

देश में ऊर्जा की कमी नहीं, एलपीजी-तेल आपूर्ति की स्थिति ‘संतोषजनक’ : पुरी
Modified Date: June 13, 2026 / 08:51 pm IST
Published Date: June 13, 2026 8:51 pm IST

चंडीगढ़/ लुधियाना, 13 जून (भाषा) पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को कहा कि देश में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है और कच्चे तेल, एलपीजी एवं प्राकृतिक गैस की आपूर्ति स्थिति ‘काफी संतोषजनक’ है।

पुरी ने लुधियाना में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि जहां कई देशों में ईंधन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है, वहीं भारत में मई 2022 से मई 2026 के बीच दरों में 3.1 प्रतिशत की गिरावट आई है।

उन्होंने कहा कि ईरान संकट के कारण दुनिया भर में तेल की कीमतें बढ़ी हैं। मई 2022 से मई 2026 के दौरान विभिन्न देशों में ईंधन की कीमतों के आंकड़े साझा करते हुए पुरी ने कहा कि इस अवधि में पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमतें 70 प्रतिशत, श्रीलंका में 66 प्रतिशत, फ्रांस में 47 प्रतिशत, इटली में 46 प्रतिशत, बांग्लादेश में 36 प्रतिशत और अमेरिका में 35 प्रतिशत बढ़ी हैं।

उन्होंने कहा, ‘इसके उलट भारत में मई 2022 से मई 2026 के बीच कीमतें 3.1 प्रतिशत कम हो गईं। एक तरफ जहां दुनिया में कीमतें 70-80 प्रतिशत तक बढ़ीं, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां कीमतों में 3.1 प्रतिशत की कटौती की।’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा नवंबर 2021, मई 2022 और अब हाल ही में, तीन बार केंद्रीय उत्पाद शुल्क में कटौती किए जाने के बाद ईंधन की कीमतों में गिरावट आई है।

पुरी ने कहा, ‘कुछ सप्ताह पहले ही पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी।’

उन्होंने कहा कि इस कटौती से सरकारी बजट पर एक लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ा।

उन्होंने कहा कि जापान के अलावा भारत में ईंधन कीमतों में सबसे कम वृद्धि दर्ज की गई। भारत में ईंधन कीमतों में 7.6 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।

उन्होंने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि डीजल की बिक्री को प्रति दिन 200 लीटर तक सीमित करना कालाबाजारी को रोकने के लिए किया गया है।

पुरी ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि देश में ऊर्जा आपूर्ति की स्थिति ‘काफी संतोषजनक’ है।

उन्होंने कहा, “हमारे पास 60 दिनों से अधिक का कच्चे तेल का भंडार है और प्राकृतिक गैस का भी 60 दिनों से ज्यादा का स्टॉक उपलब्ध है।”

इसके अलावा रसोई गैस (एलपीजी) की स्थिति भी पूरी तरह सामान्य है। देश में एलपीजी का अधिकतम भंडार 75 से 80 दिनों का है।

भाषा योगेश प्रेम

प्रेम


लेखक के बारे में