परीक्षा से जुड़ी कोई संवेदनशील जानकारी लीक नहीं हुई: आईसीएआई

परीक्षा से जुड़ी कोई संवेदनशील जानकारी लीक नहीं हुई: आईसीएआई

परीक्षा से जुड़ी कोई संवेदनशील जानकारी लीक नहीं हुई: आईसीएआई
Modified Date: June 18, 2026 / 09:23 pm IST
Published Date: June 18, 2026 9:23 pm IST

नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) चार्टर्ड अकाउंटेंट की शीर्ष संस्था भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (आईसीएआई) की परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी संवेदनशील जानकारी के लीक या अनधिकृत पहुंच की रिपोर्टें निराधार हैं और परीक्षा रिकॉर्ड सुरक्षित हैं। आईसीएआई ने बृहस्पतिवार को यह बात कही।

संस्था ने कहा कि सोशल मीडिया पर परीक्षा से जुड़े एक पोर्टल में सुरक्षा उल्लंघन और परीक्षा रिकॉर्ड तक अनधिकृत पहुंच के दावे किए जा रहे हैं, जो पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं।

आईसीएआई ने स्पष्ट किया कि किसी भी अभ्यर्थी के परीक्षा रिकॉर्ड, उत्तर पुस्तिकाओं, अंकों के आंकड़ों या परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी संवेदनशील जानकारी से समझौता नहीं हुआ है।

आईसीएआई ने कहा कि उसकी परीक्षा प्रक्रियाएं अत्यंत मजबूत, सुरक्षित और बहु-स्तरीय सूचना प्रौद्योगिकी ढांचे द्वारा संरक्षित हैं।

संस्था ने यह भी चेतावनी दी कि ऐसे भ्रामक और आधारहीन दावे फैलाने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि उसी दिन आईसीएआई ने मई सत्र की फाइनल परीक्षा के परिणाम भी घोषित किए, जिसमें 87,497 अभ्यर्थियों में से 7,931 अभ्यर्थी चार्टर्ड अकाउंटेंट बने।

भाषा योगेश अजय

अजय


लेखक के बारे में