केरल में एलपीजी, पेट्रोल या डीजल की कोई कमी नहीं: तेल उद्योग के अधिकारी
केरल में एलपीजी, पेट्रोल या डीजल की कोई कमी नहीं: तेल उद्योग के अधिकारी
कोच्चि, तीन अप्रैल (भाषा) तेल उद्योग के अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि केरल में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और पूरे राज्य में आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।
अधिकारियों ने एक बयान में कहा कि आवश्यक क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है और जनता से आग्रह किया गया है कि वे घबराकर खरीदारी न करें क्योंकि आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है।
बयान में कहा गया, ‘केरल के तेल उद्योग के राज्य स्तरीय समन्वयक (एसएलसी) ने सभी तेल विपणन कंपनियों की ओर से जनता को भरोसा दिलाया है कि पूरे राज्य में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति है और आपूर्ति संचालन की बारीकी से निगरानी की जा रही है ताकि इसमें कोई व्यवधान न आए।’
बयान में कहा गया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर का भंडारण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और ग्राहकों को उनकी बुकिंग के अनुसार डिलीवरी की जा रही है।
इसमें कहा गया, ‘एलपीजी वितरण केंद्रों पर भंडार संबंधित तेल विपणन कंपनियों द्वारा लगातार भरा जा रहा है ताकि सेवा में कोई रुकावट न आए। सभी उपभोक्ताओं में समान वितरण सुनिश्चित करने के लिए वर्तमान में बुकिंग अंतराल पर नियंत्रण लागू है। ग्राहकों को भरोसा दिया जाता है कि उनके रिफिल उनके घर पर समय पर पहुंचाए जाएंगे।’
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


