नोवार्टिस इंडिया के प्रबंध निदेशक अमिताभ दुबे ओपीपीआई के अध्यक्ष नियुक्त

नोवार्टिस इंडिया के प्रबंध निदेशक अमिताभ दुबे ओपीपीआई के अध्यक्ष नियुक्त

नोवार्टिस इंडिया के प्रबंध निदेशक अमिताभ दुबे ओपीपीआई के अध्यक्ष नियुक्त
Modified Date: September 10, 2026 / 08:17 pm IST
Published Date: September 10, 2026 8:17 pm IST

मुंबई, 10 सितंबर (भाषा) भारत में वैश्विक शोध-आधारित फार्मास्युटिकल कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था ‘ऑर्गेनाइज़ेशन ऑफ़ फार्मास्युटिकल प्रोड्यूसर्स ऑफ़ इंडिया’ (ओपीपीआई) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने अमिताभ दुबे को दो साल के कार्यकाल के लिए अपना अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति बृहस्पतिवार से ही लागू हो गई है।

दुबे नोवार्टिस इंडिया के भारत में अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक हैं।

ओपीपीआई ने बयान में कहा कि फार्मा उद्योग में लगभग तीन दशक के अनुभव के साथ, उन्होंने भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजार में नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाई हैं।

दुबे ने कहा, ‘‘ऐसे समय में ओपीपीआई का नेतृत्व करना सम्मान की बात है जब भारत का स्वास्थ्य देखरेख क्षेत्र तेज़ी से बदल रहा है। अपनी सदस्य कंपनियों की सामूहिक विशेषज्ञता का इस्तेमाल करके और स्वास्थ्य देखरेख पारिस्थितिकी तंत्र के सभी अंशधारकों के साथ मिलकर काम करके, हम एक ऐसा माहौल बनाने में मदद कर सकते हैं जो नवोन्मेषण को बढ़ावा दे, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बेहतर बनाए और मरीज़ों को लंबे समय तक फायदा पहुंचाए। मैं ‘विकसित भारत’ की ओर भारत की यात्रा में योगदान देने के इस अवसर को लेकर उत्साहित हूं।’’

ओपीपीआई के पूर्व अध्यक्ष और जीएसके फार्मास्युटिकल्स के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक, भूषण अक्षिकर ने कहा, ‘‘मुझे दुबे को यह जिम्मेदारी सौंपते हुए खुशी हो रही है। उनका उद्योग का गहरा अनुभव, वैश्विक नजरिया और भारत के स्वास्थ्य देखरेख क्षेत्र की मजबूत समझ ओपीपीआई के लिए बहुत कीमती साबित होगी। मुझे भरोसा है कि उनके नेतृत्व में ओपीपीआई अपनी रफ्तार बनाए रखेगी और स्वस्थ भारत के लिए उद्योग के योगदान को और मज़बूत करेगी।’’

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में