एनपीसीआई इंटरनेशनल और पेनेट मलेशिया के बीच यूपीआई भुगतान के लिए समझौता

एनपीसीआई इंटरनेशनल और पेनेट मलेशिया के बीच यूपीआई भुगतान के लिए समझौता

एनपीसीआई इंटरनेशनल और पेनेट मलेशिया के बीच यूपीआई भुगतान के लिए समझौता
Modified Date: February 13, 2026 / 07:50 pm IST
Published Date: February 13, 2026 7:50 pm IST

नयी दिल्ली, 13 फरवरी (भाषा) भारत और मलेशिया के बीच क्यूआर आधारित मर्चेंट भुगतान को सक्षम बनाने के लिए एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) ने मलेशिया के राष्ट्रीय भुगतान नेटवर्क ‘पेमेंट्स नेटवर्क मलेशिया’ (पेनेट) के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि उसकी अंतरराष्ट्रीय शाखा एनआईपीएल और पेनेट के बीच हुए समझौते को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

पहले चरण के तहत, मलेशिया की यात्रा करने वाले भारतीय पर्यटक अपने यूपीआई ऐप का उपयोग करके वहां ‘डुइटनाउ’ क्यूआर कोड स्वीकार करने वाले केंद्रों पर आसानी से भुगतान कर सकेंगे।

डुइटनाउ क्यूआर मलेशिया का राष्ट्रीय क्यूआर मानक है, जिसका संचालन ‘पेनेट’ करती है।

बयान के मुताबिक, ‘इसके अगले चरण में भारत आने वाले मलेशियाई नागरिक अपने ‘डुइटनाउ’ ऐप के माध्यम से यूपीआई क्यूआर कोड को स्कैन करके स्थानीय स्तर पर भुगतान कर सकेंगे।’

इस एकीकरण के साथ भारतीय पर्यटकों को मलेशिया में रेस्तरां, खुदरा स्टोर और पर्यटन स्थलों सहित लाखों डुइटनाउ क्यूआर स्वीकार करने वाले प्रतिष्ठानों तक पहुंच मिलेगी।

इसी तरह, भारत आने वाले मलेशियाई पर्यटकों को भी देशभर में लाखों यूपीआई क्यूआर-सक्षम केंद्रों पर भुगतान की सुविधा मिलेगी।

बयान के मुताबिक, एनपीसीआई इंटरनेशनल और पेनेट मलेशिया के बीच यह सहयोग दोनों देशों के बीच सीमापार भुगतान संपर्क को मजबूत करता है। यह एक परस्पर संचालन-योग्य क्यूआर भुगतान का बुनियादी ढांचा तैयार करेगा, जो यात्रियों के लिए सुरक्षित और कुशल वाणिज्यिक भुगतान सुनिश्चित करेगा।

भाषा सुमित प्रेम

प्रेम


लेखक के बारे में