बीएफएसआई क्षेत्र में हर 10 में एक नौकरी आवेदन में गलत जानकारी: रिपोर्ट
बीएफएसआई क्षेत्र में हर 10 में एक नौकरी आवेदन में गलत जानकारी: रिपोर्ट
नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) एक सर्वेक्षण में बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा (बीएफएसआई) क्षेत्र में हर 10 में से एक से अधिक नौकरी आवेदनों में वेतन, कार्यकाल और पिछली कंपनी छोड़ने के कारण जैसी जानकारी गलत या भ्रामक पाई गई।
व्यावसायिक क्षेत्र से जुड़ी प्रौद्योगिकी कंपनी ऑथब्रिज की ‘वर्कफोर्स फ्रॉड फाइल्स – एच1 एफवाई26’ नामक रिपोर्ट में कहा गया कि शिक्षा जांच में विसंगतियां 2.93 प्रतिशत रहीं, जिनमें फर्जी प्रमाण पत्र और डिग्री के साथ-साथ यूजीसी द्वारा काली सूची में डाले गए संस्थान सबसे आम थे।
ऑथब्रिज ने कहा कि यह विश्लेषण अप्रैल से सितंबर 2025 के बीच किए गए पृष्ठभूमि जांच के आंकड़ों पर आधारित है।
कंपनी ने बताया कि वह अपने साधनों से लाखों उम्मीदवारों की जांच करती है। इसमें दफ्तरों में काम करने वाले और अस्थायी काम करने वाले दोनों तरह के लोग शामिल होते हैं।
ऑथब्रिज के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अजय त्रेहन ने कहा, ‘डिजिटल और व्यवस्थित पता सत्यापन प्रक्रियाओं को मजबूत करना बीएफएसआई संस्थानों के लिए एक रणनीतिक प्राथमिकता बनी रहनी चाहिए।’
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


