पेंट कंपनियों को 2026-27 में अच्छी मांग की उम्मीद, प्रतिस्पर्धा तेज

Ads

पेंट कंपनियों को 2026-27 में अच्छी मांग की उम्मीद, प्रतिस्पर्धा तेज

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 05:29 PM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 05:29 PM IST

नयी दिल्ली, छह सितंबर (भाषा) प्रमुख पेंट कंपनियों को त्योहारी मौसम के दौरान बिक्री में दोहरे अंक की वृद्धि जारी रहने की उम्मीद है। कंपनियां कच्चे माल की बढ़ती लागत की भरपाई के लिए कीमतों में बढ़ोतरी कर रही हैं, जबकि बाजार में प्रतिस्पर्धा भी तेज बनी हुई है।

एशियन पेंट्स, बर्जर पेंट्स, कंसाई नेरोलैक और जेएसडब्ल्यू ड्यूलक्स को आवास, बुनियादी ढांचे और वाहन क्षेत्रों से मांग मजबूत रहने की उम्मीद है। हालांकि, भू-राजनीतिक तनाव के बीच कच्चे तेल से जुड़ी कच्चे माल की कीमतों में अनिश्चितता उद्योग के लिए जोखिम बनी हुई है।

एशियन पेंट्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारील (सीईओ) अमित सिंघल ने कहा कि तिमाही के दौरान मांग ठीक रही और कंपनी को वित्त वर्ष 2026-27 में मात्रा के लिहाज से 8-10 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम त्योहारी तिमाही में प्रवेश कर रहे हैं… कुल मिलाकर हमारा अनुमान है कि मात्रा में करीब आठ-10 प्रतिशत वृद्धि रहेगी।’’

बर्जर पेंट्स के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ अभिजीत रॉय ने वित्त वर्ष 2026-27 में राजस्व में दोहरे अंक की वृद्धि जारी रहने का अनुमान जताया।

उन्होंने कहा कि दूसरी तिमाही में मात्रा वृद्धि करीब 7.5-आठ प्रतिशत रह सकती है, जबकि कीमतों में 7.5-8.59 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

कंसाई नेरोलैक पेंट्स के प्रबंध निदेशक प्रवीण चौधरी ने कहा कि भू-राजनीतिक संघर्ष, आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, कच्चे माल की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता, रुपये में गिरावट और आयात लागत बढ़ना उद्योग के प्रमुख जोखिम हैं।

उन्होंने कहा कि दूसरी तिमाही में सजावटी पेंट्स की कीमतों में करीब तीन प्रतिशत और औद्योगिक पेंट्स में तीन से पांच प्रतिशत की अतिरिक्त बढ़ोतरी हो सकती है। कंपनी पहली तिमाही में करीब पांच प्रतिशत कीमत बढ़ा चुकी है।

उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे, निर्माण और वाहन क्षेत्रों से मांग मजबूत बनी हुई है।

जेएसडब्ल्यू ड्यूलक्स के संयुक्त प्रबंध निदेशक एवं सीईओ राजीव राजगोपाल ने कहा कि वृद्धि काफी मजबूत रही है और कंपनी मात्रा तथा मूल्य दोनों में दोहरे अंक की वृद्धि का लक्ष्य रख रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें लगता है कि त्योहारी मांग लगातार मजबूत रहेगी। हमें इसमें कोई समस्या नहीं दिखती।’’

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय