पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ ने राहत योजना की घोषणा की
पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ ने राहत योजना की घोषणा की
इस्लामाबाद, 13 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण पेट्रोल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के बीच मोटरसाइकिल, रिक्शा और छोटे वाहनों के उपयोगकर्ताओं के लिए विशेष राहत योजना की रविवार को घोषणा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, शरीफ ने कहा, “इस मुश्किल घड़ी में हम जनता को अकेला नहीं छोड़ेंगे।”
योजना के तहत दोपहिया और तिपहिया वाहन इस्तेमाल करने वालों को हर महीने अधिकतम 20 लीटर पेट्रोल पर 100 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की सब्सिडी दी जाएगी। वहीं, 800 सीसी तक के छोटे वाहनों के मालिकों को हर महीने अधिकतम 30 लीटर पेट्रोल पर इतनी ही सब्सिडी मिलेगी।
पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत फिलहाल 370 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर से अधिक है और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच इसमें उतार-चढ़ाव हो रहा है।
शरीफ ने योजना की शुरुआत करते हुए कहा कि सरकार पेट्रोलियम कीमतों में वृद्धि के कारण जनता पर पड़ने वाले बोझ से पूरी तरह अवगत है।
यह योजना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात से इस्लामाबाद में तथा बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात से पूरे पाकिस्तान में लागू होगी।
योजना के लिए पंजीकरण रविवार से शुरू हो गया है और प्रक्रिया की जानकारी जागरूकता अभियान के जरिये जनता को दी जाएगी।
शरीफ ने योजना के तहत मोटरसाइकिल, रिक्शा और छोटे वाहनों के पंजीकरण के लिए जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग करने पर प्रांतों को धन्यवाद दिया।
प्रधानमंत्री की यह घोषणा पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार की आलोचना के बीच हुई है।
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


