पतरातू विद्युत उत्पादन निगम ने एनटीपीसी को पहली बार 52 करोड़ रुपये का लाभांश दिया

पतरातू विद्युत उत्पादन निगम ने एनटीपीसी को पहली बार 52 करोड़ रुपये का लाभांश दिया

पतरातू विद्युत उत्पादन निगम ने एनटीपीसी को पहली बार 52 करोड़ रुपये का लाभांश दिया
Modified Date: September 24, 2026 / 05:57 pm IST
Published Date: September 24, 2026 5:57 pm IST

नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की ताप बिजली उत्पादक कंपनी पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) ने बृहस्पतिवार को एनटीपीसी को पहली बार 51.70 करोड़ रुपये का लाभांश दिया।

झारखंड स्थित पीवीयूएनएल, एनटीपीसी और झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) का 74:26 अनुपात वाला संयुक्त उद्यम है।

जेबीवीएनएल झारखंड की बिजली वितरण कंपनी है, जो राज्य को 85 प्रतिशत बिजली की आपूर्ति करती है।

कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए एनटीपीसी को 51.70 करोड़ रुपये का लाभांश दिया है।

एक कार्यक्रम में पीवीयूएनएल के चेयरमैन एस. सुंदरम, मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अशोक कुमार सहगल और मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) अमित रौतेला ने एनटीपीसी के चेयरमैन गुरदीप सिंह को लाभांश का चेक सौंपा।

सीएफओ रौतेला ने कहा कि नवंबर, 2025 में परियोजना से बिजली आपूर्ति शुरू हो गई थी, जिसके बाद पीवीयूएनएल की ओर से दिया गया यह पहला लाभांश है।

उन्होंने कहा, ‘‘कंपनी ने वाणिज्यिक परिचालन के पहले ही वर्ष में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन किया है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की कुल आय 1,148.48 करोड़ रुपये, कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) करीब 467 करोड़ रुपये और कर पश्चात लाभ (पीएटी) 127.16 करोड़ रुपये रहा।’’

कंपनी के निदेशक मंडल ने मई में हुई अपनी 57वीं बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कुल 69.87 करोड़ रुपये के अंतिम लाभांश की सिफारिश की थी। इसमें एनटीपीसी के लिए 51.70 करोड़ रुपये और संयुक्त उद्यम भागीदार जेबीवीएनएल के लिए 18.17 करोड़ रुपये शामिल हैं।

पीवीयूएनएल ने झारखंड के पतरातू में करीब 19,000 करोड़ रुपये की लागत से 2,400 मेगावाट (800 मेगावाट की तीन इकाइयां) क्षमता का बिजली संयंत्र स्थापित किया है।

कंपनी की दो इकाइयां चालू हो चुकी हैं, जबकि तीसरी इकाई को शुरू करने की दिशा में काम जारी है।

भाषा यासिर अजय

अजय


लेखक के बारे में