पीरामल फाइनेंस क्यूआईपी से जुटाए 2,100 करोड़ रुपये
पीरामल फाइनेंस क्यूआईपी से जुटाए 2,100 करोड़ रुपये
मुंबई, 31 अगस्त (भाषा) गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) पीरामल फाइनेंस संस्थागत शेयर बिक्री और प्रवर्तक समूह से पूंजी निवेश के जरिये 3,850 करोड़ रुपये की वृद्धि पूंजी जुटाएगी। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मुंबई मुख्यालय वाली कंपनी ने शेयरों के पात्र संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी) के जरिये 2,100 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इसके अलावा, कंपनी के निदेशक मंडल ने प्रवर्तकों से तरजीही निर्गम के जरिये 1,750 करोड़ रुपये जुटाने को मंजूरी दी है।
कंपनी के अनुसार, 24 से 28 अगस्त के बीच खुला क्यूआईपी घरेलू म्यूचुअल फंड और वैश्विक संस्थागत निवेशकों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।
क्यूआईपी में आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड, कोटक म्यूचुअल फंड, क्वांट म्यूचुअल फंड, एक्सिस म्यूचुअल फंड, मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड, टाटा म्यूचुअल फंड, फ्रैंकलिन टेम्पलटन म्यूचुअल फंड और आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्यूचुअल फंड समेत घरेलू परिसंपत्ति प्रबंधकों ने भाग लिया।
कंपनी ने कहा कि वैश्विक निवेशकों में ब्लैकरॉक, गोल्डमैन सैक्स एसेट मैनेजमेंट और ईस्टस्प्रिंग इन्वेस्टमेंट्स भी शामिल रहे।
क्यूआईपी के तहत कुल 99.52 लाख शेयर 2,110 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर आवंटित किए गए।
पीरामल फाइनेंस के चेयरमैन आनंद पीरामल ने कहा कि कंपनी निवेशकों की मजबूत प्रतिक्रिया से उत्साहित है और उस पर जताए गए भरोसे के लिए आभारी है।
कंपनी ने अलग से बताया कि उसके निदेशक मंडल ने प्रवर्तक समूह की एक इकाई को करीब 1,750 करोड़ रुपये के वारंट के तरजीही निर्गम को भी मंजूरी दी है। यह पूंजी जुटाना शेयरधारकों तथा वैधानिक एवं नियामकीय मंजूरियों पर निर्भर है।
बयान में कहा गया, ‘‘दोनों लेनदेन सफलतापूर्वक पूरे होने के बाद कंपनी में कुल करीब 3,850 करोड़ रुपये की इक्विटी पूंजी आएगी।’’
कंपनी ने कहा कि इस पूंजी से उसकी वित्तीय स्थिति और पूंजी आधार मजबूत होगा तथा खुदरा और छोटे स्तर के थोक ऋण कारोबार में संतुलित तरीके से वृद्धि करने के लिए उसे अधिक लचीलापन मिलेगा।
आनंद पीरामल ने कहा कि कंपनी ने वर्षों के दौरान 60 लाख से अधिक ग्राहकों को सेवाएं दी हैं और किफायती आवास, छोटे कारोबार तथा वंचित समुदायों के लिए 25 लाख से अधिक महत्वपूर्ण ऋण उपलब्ध कराए हैं।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


