बिजली मंत्रालय एनटीपीसी प्रमुख की तलाश के लिए चयन समिति गठित करेगा

Ads

बिजली मंत्रालय एनटीपीसी प्रमुख की तलाश के लिए चयन समिति गठित करेगा

  •  
  • Publish Date - March 3, 2026 / 05:00 PM IST,
    Updated On - March 3, 2026 / 05:00 PM IST

नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) विद्युत मंत्रालय ने सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी के नए प्रमुख की तलाश के लिए एक ‘खोज-सह-चयन समिति’ गठित करने का निर्णय लिया है।

यह फैसला लोक उपक्रम चयन बोर्ड (पीईएसबी) द्वारा इस पद के लिए किसी उपयुक्त उम्मीदवार का चयन न कर पाने के बाद लिया गया है।

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के अधीन पीईएसबी ने एनटीपीसी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक पद के लिए एक दर्जन उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया था।

वर्तमान प्रमुख गुरदीप सिंह का कार्यकाल 31 जुलाई, 2025 को समाप्त होना था, लेकिन उत्तराधिकारी न मिलने के कारण उनकी सेवा को एक अगस्त, 2026 तक के लिए बढ़ा दिया गया है।

विद्युत मंत्रालय द्वारा 28 फरवरी को जारी एक नोटिस के अनुसार, एनटीपीसी लिमिटेड के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक (सीएमडी) पद पर नियुक्ति अब चयन समिति के माध्यम से की जाएगी।

इच्छुक उम्मीदवार 28 मार्च, 2026 तक इस पद के लिए आवेदन कर सकते हैं। आमतौर पर खोज-सह-चयन समिति का मार्ग तब अपनाया जाता है जब पीईएसबी किसी उपयुक्त उम्मीदवार की पहचान करने में विफल रहता है।

पीईएसबी 2021 के कम से कम चार अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों – ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी), इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (एचपीसीएल) और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के लिए सही उम्मीदवार का चयन करने में विफल रहा था।

भाषा अजय योगेश अजय

अजय