जमशेदपुर में उद्योगपति जे. एन. टाटा की 187वीं जयंती मनाई गई

Ads

जमशेदपुर में उद्योगपति जे. एन. टाटा की 187वीं जयंती मनाई गई

  •  
  • Publish Date - March 3, 2026 / 06:14 PM IST,
    Updated On - March 3, 2026 / 06:14 PM IST

जमशेदपुर (झारखंड), तीन मार्च (भाषा) उद्योगपति और परोपकारी जमशेदजी नसरवानजी टाटा की 187वीं जयंती मंगलवार को झारखंड के जमशेदपुर में मनाई गई।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये इस अवसर पर जे एन टाटा को याद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राष्ट्र को औद्योगिक प्रगति की राह दिखाने वाले टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी टाटा की जयंती पर मैं उन्हें शत-शत नमन करता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जमशेदजी टाटा ने जिस आधुनिक, समृद्ध और मजबूत औद्योगिक प्रणाली की कल्पना की थी, वह आज देश की विकास यात्रा की मजबूत नींव बन गई है। झारखंड से शुरू हुई टाटा समूह की यह यात्रा निरंतर और मजबूती के साथ आगे बढ़ती रहे।’’

इस अवसर पर टाटा स्टील द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा और उनके परिवार के अलावा टाटा स्टील व टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन शामिल हुए। कार्यक्रम में टाटा स्टील के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक टी वी नरेंद्रन और निदेशक मंडल के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

संस्थापक को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित औपचारिक परेड में टाटा स्टील के विभिन्न विभागों और टाटा समूह की अन्य कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाली कुल 42 टुकड़ियों ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर जमशेदपुर के लगभग 25 गोलचक्करों, एक दर्जन से अधिक विरासत भवनों, पार्कों और मुख्य सड़कों को विशेष रोशनी से सजाया गया था।

भाषा सुमित अजय

अजय