बुनियादी उद्योगों का उत्पादन मार्च में 0.4 प्रतिशत घटा
बुनियादी उद्योगों का उत्पादन मार्च में 0.4 प्रतिशत घटा
नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) कोयला, कच्चा तेल, उर्वरक और बिजली के उत्पादन में गिरावट से मार्च में बुनियादी उद्योगों के उत्पादन में 0.4 प्रतिशत की गिरावट आई। पांच महीने में पहला मौका है जब इसमें गिरावट आई है। सोमवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली।
इस साल फरवरी में, आठ प्रमुख बुनियादी उद्योगों में 2.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में, बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर 2.6 प्रतिशत रही, जबकि 2024-25 में यह 4.5 प्रतिशत थी।
इस वर्ष मार्च में रिफाइनरी उत्पादों, इस्पात और सीमेंट के उत्पादन में वृद्धि धीमी होकर क्रमश: 0.1 प्रतिशत, 2.2 प्रतिशत और चार प्रतिशत रही।
हालांकि, आलोच्य महीने में प्राकृतिक गैस उत्पादन में अच्छी वृद्धि दर्ज की गई।
आंकड़ों के बारे में इक्रा लि. की मुख्य अर्थशास्त्री अदिति नायर ने कहा कि आठ में से चार क्षेत्रों में उत्पादन में गिरावट के बीच, मार्च में बुनियादी उद्योगों के उत्पादन में पांच महीनों में पहली बार गिरावट आई है।
अक्टूबर, 2025 में, इन आठ प्रमुख बुनियादी उद्योगों की उत्पादन वृद्धि में 0.1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘जहां प्रतिकूल तुलनात्मक आधार के कारण बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ, वहीं पश्चिम एशिया संकट के बीच कच्चे माल की कमी ने उर्वरक उत्पादन को कम कर दिया। माह के दौरान उर्वरक उत्पादन में सालाना आधार पर 24.6 प्रतिशत की गिरावट आई।’’
इक्रा ने इन रुझानों और ऊर्जा की कीमतों में उछाल तथा सीमित उपलब्धता के प्रभाव को देखते हुए, औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) की वृद्धि दर मार्च, 2026 में घटकर लगभग एक से दो प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है, जबकि फरवरी, 2026 में यह 5.2 प्रतिशत थी।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


