प्रोंटो ने लैची ग्रूम के नेतृत्व में दो करोड़ डॉलर जुटाए
प्रोंटो ने लैची ग्रूम के नेतृत्व में दो करोड़ डॉलर जुटाए
नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) घरेलू सेवाएं उपलब्ध कराने वाले मंच प्रोंटो ने अपनी सेवाओं के विस्तार के लिए दो करोड़ डॉलर का निवेश जुटाया है।
वित्त पोषण का नेतृत्व एआई रोबोटिक्स कंपनी फिजिकल इंटेलिजेंस के सह-संस्थापक एवं क्विक-कॉमर्स फर्म जेप्टो के शुरुआती निवेशक लैची ग्रूम ने किया।
नवीनतम निवेश के साथ कंपनी ने अपना ‘सीरीज-बी’ वित्त पोषण चरण 4.5 करोड़ डॉलर पर बंद कर दिया है जिससे लगभग एक महीने में उसका मूल्यांकन दोगुना होकर 20 करोड़ डॉलर हो गया।
इस निवेश के साथ प्रोंटो अब तक लगभग छह करोड़ डॉलर जुटा चुका है। इसके निवेशकों में जनरल कैटलिस्ट, बेन कैपिटल वेंचर्स, ग्लेड ब्रुक और एपिक कैपिटल शामिल हैं।
ऑनलाइन मंच प्रोंटो शहरी परिवारों को सफाई, कपड़े धोने तथा भोजन बनाने जैसे दैनिक कार्यों के लिए प्रशिक्षित एवं सत्यापित पेशेवरों से जोड़ता है।
स्टार्टअप के अनुसार, एक महीने पहले अपने ‘सीरीज-बी’ वित्तपोषण के पहले चरण को पूरा करने के बाद उसकी दैनिक बुकिंग बढ़कर 26,000 हो गई है। कंपनी के अनुसार, चार महीने की अवधि में उसका कार्यबल बढ़कर 6,500 पेशेवरों तक पहुंच गया है।
‘सीरीज-बी’ स्टार्टअप के लिए इक्विटी-आधारित फंडिंग का दूसरा प्रमुख दौर है जो ‘सीरीज-ए’ के बाद आयोजित किया जाता है।
प्रोंटो की संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अंजलि सरदाना ने कहा, ‘‘ असंगठित श्रम को संगठित करना आने वाले दशक में सेवा क्षेत्र के सबसे महत्वपूर्ण बदलावों में से एक होगा। यह उपभोक्ता अर्थव्यवस्था की सबसे कठिन समस्याओं में से एक है। पिछले वर्ष का काम इसी पर केंद्रित रहा है। प्रोंटो का दीर्घकालिक लक्ष्य दुनिया का सबसे बड़ा श्रम संगठन मंच बनना है।’’
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


