बेंगलुरु में 1,000 करोड़ रुपये की आवासीय परियोजना विकसित करेगी पूर्वांकरा
बेंगलुरु में 1,000 करोड़ रुपये की आवासीय परियोजना विकसित करेगी पूर्वांकरा
नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी पूर्वांकरा ने बेंगलुरु में 6.4 एकड़ भूमि पर आवासीय परियोजना विकसित करने के लिए एक भू-स्वामी के साथ साझेदारी की है। इस परियोजना से लगभग 1,000 करोड़ रुपये के राजस्व की संभावना है।
कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसने बेंगलुरु के सरजापुर स्थित 6.4 एकड़ भूमि के लिए संयुक्त विकास समझौता (जेडीए) किया है। कंपनी इस भूमि पर आठ लाख वर्ग फुट बिक्री योग्य क्षेत्र वाली आवासीय परियोजना विकसित करेगी, जिससे लगभग 1,000 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान है।
बेंगलुरु स्थित पूर्वांकरा लिमिटेड ने भू-स्वामी का नाम और जेडीए की शर्तों का खुलासा नहीं किया है।
संयुक्त विकास समझौता के तहत रियल एस्टेट डेवलपर भूमि मालिक के साथ राजस्व या मुनाफा साझा करते हैं। कई मामलों में डेवलपर भूमि मालिक को तैयार आवासीय इकाइयां भी देते हैं।
रियल एस्टेट कंपनियां हाल के समय में भूमि की सीधी खरीद के बजाय जेडीए मॉडल के जरिये जमीन हासिल करने पर अधिक जोर दे रही हैं, क्योंकि इसमें पूंजीगत खर्च अपेक्षाकृत कम होता है।
पूर्वांकरा 31 मार्च, 2026 तक नौ शहरों बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, कोयंबटूर, मंगलुरु, कोच्चि, मुंबई, पुणे और गोवा में कुल 5.7 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्रफल की 95 परियोजनाएं पूरी कर चुकी है।
कंपनी की वर्तमान में जारी परियोजनाओं का कुल क्षेत्रफल 3.66 करोड़ वर्ग फुट है।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


