पीवीआर आईनॉक्स अप्रैल-जून तिमाही में मुनाफे में लौटी, 56.5 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ
पीवीआर आईनॉक्स अप्रैल-जून तिमाही में मुनाफे में लौटी, 56.5 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ
नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) मल्टीप्लेक्स श्रृंखला संचालक पीवीआर आईनॉक्स ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 56.5 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया है।
वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी को 47.3 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था।
कंपनी की परिचालन आय अप्रैल-जून तिमाही में बढ़कर 1,622.2 करोड़ रुपये हो गई, जो एक वर्ष पहले की समान अवधि में 1,449.6 करोड़ रुपये थी। समीक्षाधीन तिमाही में कुल खर्च 1,572.7 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी ने बयान में कहा, ‘‘ वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही साल की मजबूत शुरुआत रही। इस दौरान भारत में बॉक्स ऑफिस संग्रह सालाना आधार पर 20 प्रतिशत बढ़ा। महानगरों के साथ-साथ छोट व मझोले शहरों, विभिन्न भाषाओं और मध्यम बजट की सफल फिल्मों में व्यापक वृद्धि देखने को मिली। ’’
अप्रैल-जून तिमाही में पीवीआर आईनॉक्स के सिनेमाघरों में 3.66 करोड़ दर्शक पहुंचे, जो सालाना आधार पर आठ प्रतिशत अधिक है। इस दौरान औसत टिकट मूल्य (एटीपी) आठ प्रतिशत बढ़कर 273 रुपये रहा।
इसी तरह प्रति दर्शक औसत खर्च (एसपीएच) नौ प्रतिशत बढ़कर 161 रुपये हो गया।
कंपनी ने कहा कि इससे टिकट बिक्री से आय में 16 प्रतिशत और खाद्य एवं पेय (एफएंडबी) बिक्री से आय में 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई। कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) 90 प्रतिशत बढ़कर 229.6 करोड़ रुपये हो गई जबकि इसका मार्जिन 8.2 प्रतिशत से बढ़कर 14 प्रतिशत पर पहुंच गया।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी के फिल्म प्रदर्शन (मूवी एग्जीबिशन) कारोबार से राजस्व 14.25 प्रतिशत बढ़कर 1,614.1 करोड़ रुपये हो गया। फिल्म निर्माण एवं वितरण कारोबार से राजस्व 51.79 प्रतिशत घटकर 59.2 करोड़ रुपये रह गया।
अन्य आय सहित कंपनी की कुल आय 11.24 प्रतिशत बढ़कर 1,648.3 करोड़ रुपये रही।
पीवीआर आईनॉक्स 30 जून 2026 तक भारत और श्रीलंका के 113 शहरों में 1,779 स्क्रीन का संचालन कर रही थी।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


