क्विक हील टेक्नोलॉजीज ने हरीश कुमार को नियुक्त किया सीईओ
क्विक हील टेक्नोलॉजीज ने हरीश कुमार को नियुक्त किया सीईओ
नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) साइबर सुरक्षा समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनी क्विक हील टेक्नोलॉजीज लि. ने हरीश कुमार को अपना नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है।
कंपनी ने सोमवार को एक बयान में कहा कि यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब कंपनी वैश्विक साइबर सुरक्षा बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने और नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए बदलाव के महत्वपूर्ण चरण से गुजर रही है।
हरीश कुमार के पास साइबर सुरक्षा, एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर, नेटवर्किंग और डिजिटल सेवाओं में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। इससे पहले वे चेक पॉइंट सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजीज में भारत तथा दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) क्षेत्र के बिक्री प्रमुख रहे चुके हैं।
कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक कैलाश काटकर ने कहा कि हरीश का व्यापक अनुभव, नेतृत्व क्षमता और रणनीतिक दृष्टि कंपनी को विकास के अगले चरण में आगे बढ़ाने में सहायक होगी।
कुमार ने अपनी नियुक्ति पर कहा कि क्विक हील ने भारत में साइबर सुरक्षा क्षेत्र को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और वह नवाचार, ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण तथा कृत्रिम मेधा (एआई) संचालित समाधानों के जरिये कंपनी की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
भाषा निहारिका रमण
रमण

Facebook


