राजस्थान के मुख्यमंत्री शर्मा ने नीति आयोग की बैठक में ‘विकसित राजस्थान’ का खाका पेश किया
राजस्थान के मुख्यमंत्री शर्मा ने नीति आयोग की बैठक में ‘विकसित राजस्थान’ का खाका पेश किया
जयपुर, 11 जून (भाषा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में नीति आयोग की शासी परिषद की बैठक में ‘विकसित राजस्थान-2047’ का रोडमैप (खाका) रखा। इसमें उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि व महिला सशक्तीकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
नीति आयोग की शासी परिषद की 11वीं बैठक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बैठक में राजस्थान के विकास के दृष्टिकोण, उपलब्धियों एवं भावी कार्ययोजना को प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, सुशासन, नवाचार और समावेशी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा राजस्थान ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य की प्राप्ति में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा अनुरूप राज्य सरकार गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति को राज्य सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों के केंद्र में रखकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के युवाओं की शक्ति के उपयोग के मंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार 63 प्रतिशत युवा आबादी को विकास का प्रमुख आधार बनाने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में कारोबार सुगमता को बढ़ावा मिला है तथा व्यापारिक माहौल को सरल एवं निवेश अनुकूल बनाने के लिए कई सुधार किए गए हैं। इसी दिशा में राज्य सरकार ने निवेश प्रोत्साहन के लिए 35 से अधिक नई नीतियां लागू की हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश संबंधी करार (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए हैं।
आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2029 तक राजस्थान को 350 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वर्तमान में राज्य की जीएसडीपी वृद्धि दर 10.24 प्रतिशत है, जो इस लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया ‘माय भारत’ अभियान युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहा है। राजस्थान में इस अभियान को व्यापक समर्थन मिला है तथा 18 लाख पंजीकृत युवाओं के साथ राज्य देश में दूसरे स्थान पर है।
उन्होंने कहा कि कौशल भारत मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना तथा राष्ट्रीय युवा नीति के अनुरूप राजस्थान कौशल नीति-2025, राजस्थान युवा नीति-2025 एवं राजस्थान रोजगार नीति-2026 लागू की गई हैं। इसके अतिरिक्त सहकारिता, डेयरी विकास एवं एक जिला-एक उत्पाद जैसी पहल के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को उत्पादक से ऊर्जा उत्पादक एवं उद्यमी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। वहीं प्रधानमंत्री के ‘नारी शक्ति’ दृष्टिकोण के अनुरूप राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘लखपति दीदी’ एवं ‘ड्रोन दीदी’ कार्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है।
शर्मा ने कहा कि राजस्थान युवा शक्ति, महिला सशक्तीकरण, कृषि समृद्धि, हरित ऊर्जा, तकनीकी नवाचार और सुशासन के समन्वित मॉडल के साथ विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में राजस्थान सरकार ‘विकसित राजस्थान-2047’ के संकल्प को पूर्ण समर्पण के साथ साकार करेगी तथा विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगी।
भाषा पृथ्वी रवि कांत अजय
अजय

Facebook


