आरबीआई ने सरकारी प्रतिभूतियां खरीद कर बैंकिंग प्रणाली में 50,000 करोड़ रुपये डाले

Ads

आरबीआई ने सरकारी प्रतिभूतियां खरीद कर बैंकिंग प्रणाली में 50,000 करोड़ रुपये डाले

  •  
  • Publish Date - March 13, 2026 / 04:53 PM IST,
    Updated On - March 13, 2026 / 04:53 PM IST

मुंबई, 13 मार्च (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को खुले बाजार की गतिविधियों (ओएमओ) के तहत सरकारी प्रतिभूतियों (जीएस) की खरीद कर बैंकिंग प्रणाली में 50,000 करोड़ रुपये की नकदी डाली है।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, केंद्रीय बैंक ने विभिन्न श्रेणियों के बॉन्ड खरीदे, जिसमें 14,491 करोड़ रुपये के 7.41 प्रतिशत जीएस 2036 बॉन्ड, 13,006 करोड़ रुपये के 6.45 प्रतिशत जीएस 2029 बॉन्ड और 8,350 करोड़ रुपये के 6.64 प्रतिशत जीएस 2035 बॉन्ड प्रमुख रूप से शामिल हैं।

इसके अलावा 2046, 2034, 2032 और 2039 में परिपक्व होने वाली सरकारी प्रतिभूतियों की भी खरीद की गई।

इस समय बैंकिंग प्रणाली में लगभग 2.49 लाख करोड़ रुपये की अधिशेष नकदी होने का अनुमान है। यह नीलामी पिछले सप्ताह आरबीआई द्वारा घोषित 50,000-50,000 करोड़ रुपये की दो नीलामियों का हिस्सा थी।

ओएमओ खरीद की यह घोषणा इस महीने के अंत में होने वाले अग्रिम कर और जीएसटी भुगतान के कारण बैंकिंग प्रणाली से नकदी की भारी निकासी की आशंका को देखते हुए की गई थी।

आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल जनवरी से अब तक केंद्रीय बैंक ने ओएमओ खरीद के जरिये कुल 3.50 लाख करोड़ रुपये की नकदी प्रणाली में डाली है।

भाषा पाण्डेय प्रेम

प्रेम