रियल एस्टेट क्षेत्र में 2030 तक रोजगार का आंकड़ा 10 करोड़ पर पहुंचेगा : रिपोर्ट
रियल एस्टेट क्षेत्र में 2030 तक रोजगार का आंकड़ा 10 करोड़ पर पहुंचेगा : रिपोर्ट
नयी दिल्ली, 16 फरवरी 2026 (भाषा) रियल एस्टेट क्षेत्र में 2030 तक रोजगार की संख्या 10 करोड़ के करीब पहुंचने की उम्मीद है। केपीएमजी और नेशनल रियल एस्टेट डेवलपमेंट काउंसिल (नारेडको) की संयुक्त रिपोर्ट में यह अनुमान लगाया गया है।
वर्तमान में इस क्षेत्र में करीब सात करोड़ लोग कार्यरत हैं।
रिपोर्ट का विमोचन आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने नारेडको के अध्यक्ष प्रवीण जैन की उपस्थिति में ‘नारेडको कॉन्क्लेव 2026’ में किया।
रिपोर्ट में कहा गया कि रियल एस्टेट क्षेत्र में रोजगार की संख्या वर्तमान में सात करोड़ है, जो 2030 तक लगभग 10 करोड़ तक पहुंच सकती है, जिसमें निर्माण, बिक्री, डिजाइन और संबंधित उद्योग शामिल हैं।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि रोजगार में इस वृद्धि का व्यापक आर्थिक प्रभाव पड़ेगा।
‘द रोल ऑफ रियल एस्टेट इन विकसित भारत 2047’ वाली इस रिपोर्ट में कहा गया भारत ने 2047 तक पूरी तरह विकसित अर्थव्यवस्था बनने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है और इसके लिए रियल एस्टेट सिर्फ भवनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उस लक्ष्य को हासिल करने की रीढ़ की हड्डी है।
रिपोर्ट में कहा गया कि 2025 में भारत का रियल एस्टेट बाजार लगभग 26.4 लाख करोड़ रुपये का था जिसके 2030 तक 88 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
नारेडको के अध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा, ‘‘रियल एस्टेट वह क्षेत्र है जहां राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा वास्तविक रूप लेती है। घर सम्मान का आधार बनते हैं, कार्यस्थल उत्पादकता बढ़ाते हैं और बुनियादी ढांचा गतिशीलता और अवसर देता है। इस तरह यह सिर्फ संपत्ति नहीं बल्कि परिणाम भी तय करता है।’’
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


