महाराष्ट्र, गुजरात और तेलंगाना में 11,000 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी
महाराष्ट्र, गुजरात और तेलंगाना में 11,000 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी
नयी दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा) केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र, तेलंगाना और गुजरात में 11,000 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है। शनिवार को आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने शुक्रवार को 3,320.38 करोड़ रुपये की कुल पूंजी लागत पर महाराष्ट्र में एनएच-160ए के घोटी-त्रयंबक (मोखाडा)-जवाहर-मनोर-पालघर खंड के पुनर्वास और उन्नयन को मंजूरी दे दी।
सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने कहा कि नासिक के पश्चिमी क्षेत्र, खासकर अंबाड़ और सतपुर के आसपास, महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम द्वारा विकसित औद्योगिक इकाइयों का घना समूह स्थित है, जिससे इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर माल परिवहन होता है।
मंत्रालय ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने महाराष्ट्र में एनएच-160ए के 154.635 किलोमीटर खंड के पुनर्वास और उन्नयन को इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) मोड पर मंजूरी दे दी है।
मंत्रालय ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने महाराष्ट्र में राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-160ए के 154.635 किलोमीटर लंबे खंड के पुनर्वास और उन्नयन को इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) मोड के तहत मंजूरी दे दी है।
यह परियोजना पीएम गतिशक्ति के सिद्धांतों के अनुरूप प्रस्तावित की गई है।
मंत्रालय ने एक अलग विज्ञप्ति में कहा कि सीसीईए ने 4,583.64 करोड़ रुपये की लागत से गुजरात में धमासिया-बिटाडा/मोवी और नसरपोर-मलोथा के चार लेन वाले खंडों के निर्माण को भी मंजूरी दी।
यह 107.67 किलोमीटर लंबी परियोजना एनएच-56 का हिस्सा है, जो राजस्थान के निम्बाहेरा से शुरू होता है और गुजरात के दाहोद जिले, मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले से होकर गुजरती है।
इसके अलावा मंत्रिमंडलीय समिति ने तेलंगाना में 3,175.08 करोड़ रुपये की कुल पूंजी लागत के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग -167 के चौड़ीकरण को भी मंजूरी दी।
तेलंगाना में हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे पर गुडेबेलूर से महबूबनगर तक की 80.01 किलोमीटर लंबी परियोजना को 4-लेन मानक के अनुसार विकसित किया जाएगा। इस परियोजना की कुल पूंजी लागत 3,175.08 करोड़ रुपये।
भाषा
योगेश प्रेम
प्रेम

Facebook


