पीएम-सेतु के तहत कुरुक्षेत्र आईटीआई क्लस्टर के लिए 320 करोड़ रुपये मंजूर
पीएम-सेतु के तहत कुरुक्षेत्र आईटीआई क्लस्टर के लिए 320 करोड़ रुपये मंजूर
नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की राष्ट्रीय संचालन समिति ने केंद्र की प्रमुख पीएम-सेतु योजना के तहत हरियाणा के कुरुक्षेत्र आईटीआई क्लस्टर के लिए 320 करोड़ रुपये की रणनीतिक निवेश योजना को मंजूरी दे दी है।
कुल 60,000 करोड़ रुपये के परिव्यय वाली प्रधानमंत्री कौशल विकास एवं रोजगारपरकता परिवर्तन (पीएम-सेतु) योजना के तहत उद्योग के नेतृत्व वाले ‘हब एंड स्पोक’ मॉडल के माध्यम से देशभर में 1,000 सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) का उन्नयन किया जाना है।
इसमें 200 हब आईटीआई और 800 स्पोक आईटीआई शामिल हैं।
जिंदल नवीन अवसर लिमिटेड कुरुक्षेत्र आईटीआई क्लस्टर के लिए हरियाणा सरकार के साथ मुख्य उद्योग भागीदार के रूप में काम करेगी।
इस मंजूरी के साथ पीएम-सेतु के तहत 10 आईटीआई क्लस्टर के लिए मंजूर कुल निवेश बढ़कर 2,491 करोड़ रुपये हो गया है।
कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने कहा, ‘‘उद्योग को आईटीआई के करीब लाने से युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर तैयार होंगे। मजबूत उद्योग भागीदारी के जरिये हम यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि युवा भारत की वृद्धि यात्रा में सार्थक योगदान देने के लिए जरूरी कौशल, अनुभव और अवसर हासिल करें।’’
प्रस्तावित योजना के तहत बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, प्रशिक्षण सुविधाओं के आधुनिकीकरण, उद्योग की जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रम शुरू करने और प्रशिक्षुओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर ध्यान दिया जाएगा।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


