माइक्रोसॉफ्ट बिजली उत्पादन केंद्रों के समीप लगाए भविष्य के डेटा सेंटरः आईटी सचिव

माइक्रोसॉफ्ट बिजली उत्पादन केंद्रों के समीप लगाए भविष्य के डेटा सेंटरः आईटी सचिव

माइक्रोसॉफ्ट बिजली उत्पादन केंद्रों के समीप लगाए भविष्य के डेटा सेंटरः आईटी सचिव
Modified Date: September 21, 2026 / 03:55 pm IST
Published Date: September 21, 2026 3:55 pm IST

नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी सचिव एस. कृष्णन ने सोमवार को माइक्रोसॉफ्ट से भविष्य के डेटा सेंटर बिजली उत्पादन केंद्रों के करीब स्थापित करने का सुझाव देते हुए कहा कि इससे कंपनी और देश, दोनों के लिए लागत कम होगी।

कृष्णन ने हैदराबाद में माइक्रोसॉफ्ट के भारत में चौथे क्लाउड क्षेत्र के उद्घाटन के मौके पर कहा कि चेन्नई जैसे तटीय केबल लैंडिंग केंद्रों के बजाय बिजली उत्पादन के स्रोतों के करीब डेटा सेंटर बनाना अधिक आसान और किफायती होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप बिजली उत्पादन वाली जगह के करीब जाएं तो यह अधिक किफायती होगा।’’

कृष्णन ने कहा कि सरकार देश और दुनिया की जरूरतों को पूरा करने के लिए तेज मंजूरियां देने में सहयोग जारी रखेगी।

अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने सोमवार को हैदराबाद में अपने चौथे भारत क्लाउड क्षेत्र की औपचारिक शुरुआत की। यह देश के डिजिटल और कृत्रिम मेधा (एआई) बुनियादी ढांचे में 20.5 अरब डॉलर के निवेश की उसकी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

कृष्णन ने कहा कि यह शुरुआत भारत के डेटा सेंटर और एआई बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारत को एक साथ दुनिया की बेहतरीन प्रौद्योगिकी तक पहुंच और घरेलू, संप्रभु कंप्यूटिंग क्षमता विकसित करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि 1.4 अरब की आबादी और तेजी से विकसित हो रहे डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के कारण भारत में बड़ी मात्रा में डेटा तैयार हो रहा है, जो एआई अनुप्रयोगों के लिए महत्वपूर्ण संसाधन है। उन्होंने कहा कि भारत में ‘दुनिया का एप्लिकेशन पावरहाउस’ बनने की क्षमता है।

उन्होंने कहा कि भारत की कर नीतियों, कारोबारी सुगमता और नए दूरसंचार कानून के तहत इकाइयों के बीच आसान ‘इंटरकनेक्शन’ की अनुमति से देश में डेटा सेंटर बनाना और उन्हें बिजली ग्रिड से जोड़ना कई अन्य देशों की तुलना में आसान हो गया है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में