मुंबई, 24 मार्च (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया मंगलवार को 23 पैसे लुढ़ककर अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 93.76 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती और वैश्विक कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण निवेशकों में चिंता का माहौल रहने से घरेलू मुद्रा में यह गिरावट आई।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, पश्चिम एशिया संकट को लेकर अनिश्चितता के बीच विदेशी निवेशकों की निकासी ने भी रुपये पर दबाव डाला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.66 पर खुला और पूरे सत्र के दौरान इसमें उतार-चढ़ाव बना रहा। अंत में यह 93.76 पर बंद हुआ जो पिछले बंद स्तर से 23 पैसे की गिरावट है।
सोमवार को रुपया पहली बार अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94 के स्तर को पार कर गया था, हालांकि बाद में यह 93.53 पर स्थिर बंद हुआ।
फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, ‘‘लगातार विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की निकासी से रुपये पर दबाव बना हुआ है। मजबूत डॉलर के कारण उभरते बाजारों की मुद्राएं कमजोर बनी हुई हैं और इस महीने रुपये में लगभग 4.5 प्रतिशत की गिरावट आई है। बुधवार के लिए रुपये का दायरा 93.65 से 94.25 के बीच रहने की उम्मीद है।’’
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि अमेरिका एक सम्मानित ईरानी नेता के साथ बातचीत कर रहा है और दावा किया कि ईरान युद्ध समाप्त करने के लिए समझौते को लेकर उत्सुक है।
उन्होंने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए दी गई समयसीमा भी बढ़ा दी और कहा कि उसे अतिरिक्त पांच दिन दिए गए हैं, अन्यथा उसके बिजली संयंत्रों पर हमले किए जा सकते हैं।
हालांकि, ट्रंप के दावों से ईरान के इनकार और क्षेत्र में जारी तनाव ने अनिश्चितता को बढ़ा दिया, जिससे वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.23 प्रतिशत बढ़कर 99.18 पर कारोबार कर रहा था।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.45 प्रतिशत टूटकर 101.4 डॉलर प्रति बैरल पर था।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 1,372.06 अंक या 1.89 प्रतिशत बढ़कर 74,068.45 अंक पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 209.65 अंक या 0.93 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,722.30 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को शुद्ध रूप से 8,009.56 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय