पश्चिम एशिया तनाव, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से रुपया 28 पैसे टूटकर 94.84 प्रति डॉलर पर
पश्चिम एशिया तनाव, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से रुपया 28 पैसे टूटकर 94.84 प्रति डॉलर पर
मुंबई, आठ सितंबर (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया मंगलवार को 28 पैसे टूटकर 94.84 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव और ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों के 99 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा अरामको के संयंत्रों पर नए हमलों के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से भारतीय रुपया कमजोर हुआ। इसके अलावा, पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और घरेलू शेयर बाजार में कमजोर रुख ने भी रुपये पर दबाव डाला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 94.49 पर खुला। कारोबार के दौरान यह डॉलर के मुकाबले 94.49 के उच्च स्तर तक गया और 94.89 के निचले स्तर तक आया। अंत में रुपया 94.84 रुपये (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा जो पिछले बंद भाव से 28 पैसे की गिरावट है।
रुपया सोमवार को 13 पैसे फिसलकर 94.56 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों की चिंता के कारण हमें रुपये में हल्की कमजोरी का रुख रहने के आसार हैं। वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति भी रुपये पर दबाव डाल सकती है।
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, डॉलर में कमजोरी और विदेशी पूंजी का प्रवाह निचले स्तर पर रुपये को समर्थन दे सकता है। अब निवेशकों का ध्यान अमेरिका और भारत के मुद्रास्फीति के आंकड़ों पर रहेगा। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 94.60 से 95.10 के दायरे में रह सकता है।’’
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.96 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चे तेल का वायदा भाव 1.39 प्रतिशत बढ़कर 98.35 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 555.23 अंक टूटकर 75,577.58 अंक पर जबकि निफ्टी 144.05 अंक फिसलकर 23,635.10 अंक पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 280.13 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।
भाषा निहारिका अजय
अजय

Facebook


