रुपया 34 पैसे टूटकर 93.78 प्रति डॉलर पर बंद

Ads

रुपया 34 पैसे टूटकर 93.78 प्रति डॉलर पर बंद

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 09:34 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 09:34 PM IST

मुंबई, 22 अप्रैल (भाषा) रुपये में बुधवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट आई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 34 पैसे टूटकर 93.78 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

अमेरिका-ईरान शांति वार्ता को लेकर अनिश्चितता से पश्चिम एशिया में संघर्ष कम होने की उम्मीदें कमजोर हुई हैं। इसके साथ कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई जिससे घरेलू मुद्रा पर दबाव बढ़ा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट और विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी ने भी भारतीय मुद्रा पर दबाव डाला।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.69 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 93.87 के निचले स्तर तक पहुंचा। अंत में घरेलू मुद्रा डॉलर के मुकाबले 93.78 पर रही जो पिछले बंद भाव से 34 पैसे की गिरावट है।

रुपया मंगलवार को 28 पैसे की गिरावट के साथ 93.44 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी और अमेरिका-ईरान वार्ता को लेकर अनिश्चितता के कारण रुपये में गिरावट आई है। विदेशी पूंजी की निकासी के दबाव के कारण रुपये में नकारात्मक रुझान रहने का अनुमान है।

चौधरी ने कहा, ‘‘ हालांकि, अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने से रुपये में तेज गिरावट को रोका जा सकता है। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 93.60 से 94.20 रुपये के दायरे में रहने का अनुमान है।’’

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.15 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 756.84 अंक यानी 0.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78,516.49 अंक पर जबकि निफ्टी 198.50 अंक यानी 0.81 प्रतिशत टूटकर 24,378.10 अंक पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.75 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने बुधवार को 2,078.36 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण