रुपया 43 पैसे टूटकर 95.61 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया 43 पैसे टूटकर 95.61 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 09:27 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 09:27 PM IST

मुंबई, आठ जून (भाषा) रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 43 पैसे कमजोर होकर 95.61 पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बीच निवेशकों के जोखिम से बचने की धारणा के मद्देनजर डॉलर में आई मजबूती तथा कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच रुपये में यह गिरावट आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति के कारण डॉलर-रुपये की जोड़ी ने पिछले कारोबार की तेजी को गंवा दिया।

इसके अलावा, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से उछाल और अमेरिकी डॉलर सूचकांक में वृद्धि ने भी निवेशकों की कारोबारी धारणा को प्रभावित किया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.35 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.15 के उच्च स्तर तथा 95.75 के निम्न स्तर को छूने के बाद अंत में 95.61 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर से 43 पैसे की गिरावट है।

इससे पहले शुक्रवार को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा विदेशी पूंजी प्रवाह को समर्थन देने के उपायों की घोषणा के बाद रुपया 56 पैसे मजबूत होकर 95.18 पर बंद हुआ था।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत की मजबूती के साथ 100.16 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 3.94 प्रतिशत गिरकर 96.76 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण रुपये में और गिरावट की आशंका है। डॉलर की मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में वृद्धि भी रुपये पर दबाव डाल सकती है।’’

चौधरी ने कहा कि निचले स्तर पर आरबीआई का हस्तक्षेप रुपये को सहारा दे सकता है। उनका अनुमान है कि डॉलर के मुकाबले रुपये की हाजिर दर 95.40 से 96.10 के दायरे में रह सकती है।

घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर सेंसेक्स 719.08 अंक गिरकर 73,524.26 अंक पर, जबकि निफ्टी 243.70 अंक लुढ़ककर 23,123 पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने सोमवार को शुद्ध रूप से 5,555.67 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

आरबीआई ने शुक्रवार को बताया कि 28 मई को समाप्त हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 93.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 682.32 अरब डॉलर हो गया। एक सप्ताह पहले यह भंडार 7.51 अरब डॉलर घटकर 681.38 अरब डॉलर रह गया था।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय