रुपया छह पैसे टूटकर 95.36 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया छह पैसे टूटकर 95.36 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 09:24 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 09:24 PM IST

मुंबई, 11 अगस्त (भाषा) कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले छह पैसे की गिरावट के साथ 95.36 पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि हाल के दिनों में विदेशी पूंजी के प्रवाह से घरेलू मुद्रा को कुछ बल मिला।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.38 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.36 से 95.45 प्रति डॉलर के दायरे में रहा और अंत में छह पैसे की गिरावट के साथ 95.36 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

रुपया सोमवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 13 पैसे की गिरावट के साथ 95.30 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल बढ़ने से रुपये पर दबाव रहा। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते को लेकर अनिश्चितता ने भी रुपये को प्रभावित किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि रुपये में हल्की नकारात्मक धारणा के साथ कारोबार होगा। हालांकि, निचले स्तर पर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का हस्तक्षेप रुपये को बल दे सकता है। इस सप्ताह आने वाले अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़ों से पहले कारोबारी सतर्क रह सकते हैं।’’

उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये की हाजिर विनिमय दर 95.15 से 95.80 रुपये के दायरे में रह सकती है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत बढ़कर 99.86 पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 2.45 प्रतिशत की तेजी के साथ 89.87 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

घरेलू शेयर बाजार में बीएसई का सेंसेक्स 388.19 अंक की गिरावट के साथ 78,154.25 अंक पर और एनएसई का निफ्टी 112.10 अंक फिसलकर 24,471.70 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को शुद्ध आधार पर 258.55 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा राजेश

राजेश अजय

अजय