मुंबई, नौ फरवरी (भाषा) रुपया सोमवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच अंत में एक पैसे की मामूली गिरावट के साथ 90.66 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि व्यापारी भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार ढांचे के विवरण का आकलन करते नजर आए। रुपये में भारी अस्थिरता देखी गई क्योंकि घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक रुझान और विदेशी पूंजी के प्रवाह से मिल रहे समर्थन पर निवेशकों के जोखिम से बचने के रवैये का असर पड़ा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.66 पर खुला। फिर थोड़ा मजबूत होकर 90.37 प्रति डॉलर तक पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 28 पैसे की बढ़त है। हालांकि, इसने जल्द अपनी बढ़त खो दी और 90.77 प्रति डॉलर के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया। अंत में यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.66 पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से मात्र एक पैसे कम है।
रुपया शुक्रवार को 31 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.65 पर बंद हुआ था।
भारत और अमेरिका ने अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक रूपरेखा तैयार करने की शनिवार को घोषणा की थी जिसके तहत दोनों पक्ष द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई वस्तुओं पर आयात शुल्क कम करेंगे।
जहां अमेरिका भारतीय सामान पर शुल्क को मौजूदा 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा, वहीं भारत सभी अमेरिकी औद्योगिक सामान और कई तरह के अमेरिकी खाद्य और कृषि उत्पादों, जिसमें सूखे डिस्टिलर अनाज, जानवरों के चारे के लिए लाल ज्वार, ताजे और प्रसंस्कृत फल, सोयाबीन तेल, वाइन और स्पिरिट शामिल हैं, पर आयात शुल्क खत्म कर देगा या कम कर देगा।
दोनों पक्षों की ओर से जारी संयुक्त बयान के अनुसार, भारत ने अगले पांच वर्ष में 500 अरब अमेरिकी डॉलर के अमेरिकी ऊर्जा उत्पाद, विमान व विमान के कलपुर्जे, कीमती धातुएं, प्रौद्योगिकी उत्पाद और कोकिंग कोयला खरीदने का इरादा व्यक्त किया है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.58 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 485.35 अंक चढ़कर 84,065.75 अंक पर जबकि निफ्टी 173.60 अंक की बढ़त के साथ 25,867.30 अंक पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 67.34 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने सोमवार को 2,254.64 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय