मुंबई, 25 जुलाई (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया एक पैसे कमजोर होकर 83.72 (अस्थायी) के अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर आ गया। विदेशी बाजार में अमेरिकी मुद्रा की मांग और विदेशी पूंजी की भारी निकासी के कारण यह गिरावट आई।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू मुद्रा में यह गिरावट भारतीय शेयर बाजार में गिरावट के बाद आई है। सरकार द्वारा बजट में पूंजीगत लाभ पर कर की दर बढ़ाने की घोषणा के बाद शेयर बाजार नीचे आ रहे हैं।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.72 प्रति डॉलर पर खुला। दिन में कारोबार के दौरान यह 83.66 के उच्चस्तर तक गया तथा 83.72 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक आया। अंत में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले यह 83.72 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से एक पैसे की गिरावट है।
बुधवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे गिरकर 83.71 के अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को परखने वाला डॉलर सूचकांक 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 104.17 हो गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.79 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81.25 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
स्थानीय शेयर बाजार में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 109.08 अंक घटकर 80,039.80 अंक पर बंद हुआ जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 7.40 अंक के नुकसान के साथ 24,406.10 अंक पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने बुधवार को शुद्ध रूप से 5,130.9 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा अनुराग अजय
अजय