रुपया 21 पैसे चढ़कर 94.55 प्रति डॉलर पर

रुपया 21 पैसे चढ़कर 94.55 प्रति डॉलर पर

रुपया 21 पैसे चढ़कर 94.55 प्रति डॉलर पर
Modified Date: June 24, 2026 / 09:33 pm IST
Published Date: June 24, 2026 9:33 pm IST

मुंबई, 24 जून (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 21 पैसे मजबूत होकर 94.55 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से रुपये को समर्थन मिला।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75.50 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख और विदेशी पूंजी के निवेश प्रवाह ने भी रुपये को समर्थन दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.88 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 94.55 से 94.93 के दायरे में रहा। अंत में यह 94.55 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद स्तर से 21 पैसे अधिक है।

रुपया मंगलवार को 13 पैसे टूटकर 94.76 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान में अनुसंधान विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘ हमारा अनुमान है कि अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने, फेडरल रिजर्व के कड़े रुख और कमजोर वैश्विक बाजारों के कारण रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार कर सकता है। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और अमेरिका-ईरान वार्ता में प्रगति निचले स्तर पर रुपये को समर्थन दे सकती है। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 94.45 से 95.10 के दायरे में रहने के आसार हैं।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.63 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 790.54 अंक या 1.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,991.22 अंक पर जबकि निफ्टी 197.55 अंक या 0.83 प्रतिशत चढ़कर 24,021.65 अंक पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने बुधवार को 1,843.40 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में