रुपया तीन पैसे की तेजी के साथ 92.51 प्रति डॉलर पर बंद

Ads

रुपया तीन पैसे की तेजी के साथ 92.51 प्रति डॉलर पर बंद

  •  
  • Publish Date - April 9, 2026 / 09:07 PM IST,
    Updated On - April 9, 2026 / 09:07 PM IST

मुंबई, नौ अप्रैल (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में बृहस्पतिवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया तीन पैसे की मामूली तेजी के साथ 92.51 पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि डॉलर के कमजोर होने के साथ पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण स्थिति और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अनिश्चितता के कारण निवेशकों के सतर्क रूख के बीच रुपये में गिरावट आई।

इसके साथ इजराइल के लेबनान पर हमले जारी रखने को लेकर ईरान के वार्ता से बाहर निकलने की धमकी के बीच अनिश्चितता बढ़ गयी है और बाजार ‘देखो और इंतजार करो’ की स्थिति में आ गया है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 92.63 के भाव पर खुला। रुपये ने कारोबार के दौरान 92.92 के निचले स्तर को छुआ। कारोबार के अंत में यह 92.51 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से तीन पैसे की मजबूती है।

बुधवार को ईरान एवं अमेरिका के बीच संघर्ष विराम की घोषणा होने के बाद रुपया 52 पैसे मजबूत होकर 92.54 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि संघर्ष विराम के उल्लंघन की खबरें आने और इजराइली कार्रवाई जारी रहने से कच्चे तेल के दाम में तेजी आने और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली से रुपये पर दबाव पड़ा।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती को मापने वाला, डॉलर इंडेक्स 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.01 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.08 प्रतिशत बढ़कर 97.67 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

घरेलू शेयर बाजार में भी गिरावट देखी गई। बीएसई सेंसेक्स 931.25 अंक टूटकर 76,631.65 और एनएसई निफ्टी 222.25 अंक के नुकसान के साथ 23,775.10 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 1,711.19 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण