रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 95.89 प्रति डॉलर पर स्थिर

Ads

रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 95.89 प्रति डॉलर पर स्थिर

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 04:46 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 04:46 PM IST

मुंबई, 18 सितंबर (भाषा) रुपया शुरुआती बढ़त गंवाकर शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.89 (अस्थायी) के स्तर पर बिना किसी बदलाव के बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख ने हालांकि भारतीय मुद्रा को समर्थन दिया।

उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमत 104 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल में नरमी से रुपये की गिरावट सीमित रही।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 95.75 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.71 के उच्च स्तर तक गया और अंत में 95.89 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद स्तर के बराबर है।

रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले दो पैसे मजबूत होकर 95.89 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इससे पहले चार सितंबर को 94.43 के स्तर पर बंद होने के बाद पिछले लगातार आठ कारोबारी सत्रों में इसमें 150 पैसे यानी करीब 1.5 प्रतिशत की गिरावट आई थी।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू बाजारों में मजबूती और कच्चे तेल में नरमी के कारण रुपया बढ़त के साथ खुला। हालांकि, डॉलर में मजबूती के कारण शुरुआती बढ़त थम गई।

चौधरी ने कहा, ‘‘कारोबारी अमेरिका के औद्योगिक उत्पादन के आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर 95.65 से 96.15 रुपये के दायरे में रहने का अनुमान है।’’

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.97 पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल वायदा कारोबार में 0.93 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.85 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 19.63 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,294.96 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 75.80 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,346.40 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध आधार पर 3,208.76 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

भाषा योगेश रमण

रमण