रुपया 16 पैसे मजबूत होकर 94.39 प्रति डॉलर पर
रुपया 16 पैसे मजबूत होकर 94.39 प्रति डॉलर पर
मुंबई, 25 जून (भाषा) रुपया बृहस्पतिवार को 16 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.39 (अस्थायी) पर रहा। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट से घरेलू मुद्रा को बल मिला।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, डॉलर की कमजोरी और घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख ने भी रुपये को समर्थन दिया। हालांकि, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की निकासी के कारण रुपये की बढ़त सीमित रही।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.30 पर खुला। कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले यह 94.13 से 94.56 के दायरे में रहा। अंत में यह 94.39 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा जो पिछले बंद भाव की तुलना में 16 पैसे अधिक है।
रुपया बुधवार को 21 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.55 पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान में शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘जिंस कीमतों में गिरावट और अमेरिकी डॉलर में नरमी से रुपये में मजबूती आई। कच्चे तेल की कीमतों के घटने और घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुझान ने भी रुपये को समर्थन दिया।”
उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिकी फेडरल रिजर्व के कड़े रुख और डॉलर की समग्र मजबूती के कारण रुपये में कमजोर रुझान रहने की उम्मीद है। हालांकि, जिंस कीमतों में नरमी और मुद्रास्फीति को लेकर चिंताओं में कमी से निचले स्तर पर रुपये को समर्थन मिल सकता है।’’
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.57 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72.76 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 109.25 अंक चढ़कर 77,100.47 अंक पर जबकि निफ्टी 34.35 अंक की बढ़त के साथ 24,056 अंक पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक बुधवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,843.40 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


