सेल देगी मूल्यवर्धित, विशेष इस्पात उत्पादन को प्राथमिकता
सेल देगी मूल्यवर्धित, विशेष इस्पात उत्पादन को प्राथमिकता
नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की इस्पात कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने विशेष इस्पात उत्पादों की हिस्सेदारी बढ़ाने, कंपनी-ग्राहक जुड़ाव को मजबूत करने और लागत प्रबंधन समेत अन्य पहल पर ध्यान केंद्रित करते हुए वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अपनी रणनीतिक प्राथमिकताओं की रूपरेखा तैयार की है।
यह कदम कंपनी ने हाल ही में घोषित वित्त वर्ष 2025-26 के वित्तीय नतीजों के बाद उठाया है।
सेल ने यहां जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि कंपनी अपनी क्षमता विस्तार योजनाओं के प्रति भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है, जो सरकार के ‘विकसित भारत 2047’ के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
कंपनी ने वैश्विक अस्थिरता से उत्पन्न कई चुनौतियों के बावजूद वित्त वर्ष 2025-26 में पिछले वित्त वर्ष की तुलना में कर पूर्व आय में 11.75 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की।
सेल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अशोक कुमार पांडा ने कहा, ‘‘भविष्य में हम ग्राहक संतुष्टि, लागत अनुकूलन और भारत की बढ़ती अवसंरचना तथा औद्योगिक जरूरतों को पूरा करने के लिए विशेष इस्पात के अपने पोर्टफोलियो के विस्तार पर ध्यान केंद्रित करेंगे। साथ ही, हम कार्यशील पूंजी कर्ज को कम करना जारी रखेंगे, जिससे लाभप्रदता में पहले ही उल्लेखनीय सुधार हुआ है।’’
भाषा
यासिर अजय
अजय

Facebook


