भारत में परिचालन बढ़ाने के लिए कलपुर्जा साझेदारों से बातचीतः सैमसंग

भारत में परिचालन बढ़ाने के लिए कलपुर्जा साझेदारों से बातचीतः सैमसंग

भारत में परिचालन बढ़ाने के लिए कलपुर्जा साझेदारों से बातचीतः सैमसंग
Modified Date: July 16, 2024 / 05:20 pm IST
Published Date: July 16, 2024 5:20 pm IST

(अदिति कश्यप)

पेरिस, 16 जुलाई (भाषा) दिग्गज इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माता सैमसंग भारत को एक महत्वपूर्ण बाजार के तौर पर देखती है और वह अपने परिचालन को मजबूती देने के लिए भारतीय कलपुर्जा साझेदारों के साथ बातचीत कर रही है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह बात कही।

सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के अध्यक्ष और एमएक्स व्यवसाय के प्रमुख टी एम रोह ने यहां ‘सैमसंग अनपैक्ड-2024’ के मौके पर मीडिया के साथ चर्चा में कहा कि भारत में नोएडा और बेंगलुरु स्थित शोध एवं विकास (आरएंडडी) केंद्र कंपनी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका में उभरकर सामने आ रहे हैं।

रोह ने कहा, ‘‘सैमसंग के लिए भारतीय बाजार बहुत महत्वपूर्ण है। हम यहां वर्ष 1996 से विनिर्माण संयंत्र संचालित कर रहे हैं। नोएडा और बेंगलुरु के आरएंडडी केंद्र सैमसंग और एमएक्स कारोबार के सबसे बड़े आरएंडडी केंद्रों में से एक बन गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हम बुनियादी ढांचे और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के लिए भारतीय बाजार में उपकरण साझेदारों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हमने ऐसा किया है और हम आगे भी ऐसा करते रहेंगे।’’

सैमसंग ने इस मौके पर ‘गैलेक्सी रिंग’, गैलेक्सी बड्स3 और गैलेक्सी बड्स3 प्रो के अलावा छठी पीढ़ी के फोल्डेबल स्मार्टफोन गैलेक्सी जेड फोल्ड6 और जेड फ्लिप6 का भी अनावरण किया।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में